
रमजान के महीने में बिहार सरकार ने मुस्लिम कैदियों के लिए विशेष व्यवस्था की है। रमजान का महीना शुरू होते ही जेल प्रशासन ने मुस्लिम कैदियों की सुविधा और विशेष इंतजाम को लेकर दिशा निर्देश जारी किया है। जेल आईजी मिथिलेश मिश्र ने बताया कि रमजान में मुस्लिम कैदियों को जेल के एक ही वार्ड में रखा जाएगा। इसके साथ ही सभी मुस्लिम कैदियों के वार्ड में पानी रखने के लिए मिट्टी के घडे का इंतजाम किया जाएगा।
विशेष सुविधा
मिथिलेश ने बताया कि इफ्तार के लिए केंद्रीय कारा में दो और मंडल कारा में एक चूल्हे का इंतजाम करने का निर्देश जारी किया गया है ताकि इफ्तार और सेहरी के लिए व्यंजन तैयार करने में कोई दिक्कत नहीं हो। मिश्रा ने कहा है कि जेल में नमाज पढने के लिए चार कैदियों के बीच एक चादर उपलब्ध कराया जाएगा साथ ही उन्हें एक-एक टोपी भी दिया जाएगा। केंद्रीय कारा में दो-दो और मंडल कारा में एक-एक पेटी कुरान शरीफ भी दिया गया है साथ ही सबीना पढ़ाने के लिए बाहर से हाफिज का इंतजाम किया जाएगा।
जेल आईजी ने बताया कि रात में मुस्लिम कैदियों को जगाने की भी व्यवस्था की गई है। सारे निर्देशों का पालन करने के लिए राज्य में सभी जेल सुपरिटेंडेंट को निर्देश जारी किया गया है। मालूम हो कि रमजान का महीना मंगलवार से शुरू हो गया है। बिहार की जेलों में काफी संख्या में मुस्लिम कैदी भी बंद हैं।
स्त्रोत : न्युज १८








