रांची : झारखंड के बोकारो की रहने वाली युवती को मुश्ताक अंसारी ने पहले प्यार के जाल में फंसाया। शादी की और फिर उसे मुंबई ले गया। वहां पत्नी को किसी व्यक्ति के हाथों बेच दिया। नौ महीने तक युवती से दुष्कर्म होता रहा। इस दौरान उसे बंधक बनाकर रखा गया। उसे प्रताडि़त किया जाता रहा। बडी मुश्किल से उसने हिम्मत जुटाई और मुंबई से भागकर रांची पहुंची है। यहां उसने पुलिस को अपनी आपबीती बताते हुए सारी जानकारी दी।
युवती झारखंड के बोकारो की रहने वाली है। उसका पति मुश्ताक अंसारी जिस पर उसे बेचने का आरोप लगा है गिरिडीह का रहनेवाला है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पहले रांची स्थित महिला थाना, उसके बाद युवती को कांके स्थित नारी निकेतन में रखवाया गया है। शुक्रवार को कोतवाली थाना स्थित एएचटीयू (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट) थाने में मामला दर्ज किया गया है।
झांसा देकर मुंबई ले गया
युवती ने पुलिस को बताया कि उसे प्यार के जाल में फांसकर गिरिडीह के निमियाघाट निवासी मुश्ताक अंसारी (४५) ने भगाकर शादी की। मुश्ताक पहले से शादीशुदा था। शादी के बाद वह घर ले गया। कुछ ही समय बाद उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। फिर दोबारा उसे अपने साथ रखने का झांसा दिया और सीधे मुंबई ले गया। इसके बाद वहां किसी व्यक्ति को बेच दिया।
एक कमरे में उसे बंधक बनाकर रखा गया। हर दिन शराब के नशे में उसके साथ दुष्कर्म किया जाता। करीब नौ महीने तक बंधक बनी रही। एक दिन बंधक रखने वाला व्यक्ति जब नशे में धुत था तो पीडिता तडके तीन बजे खिडकी तोडकर भाग निकली। वह किसी तरह रांची पहुंची। पहले हटिया जीआरपी पहुंची और आपबीती सुनाई। फिर वहां से महिला थाना भेजा गया।
भागने के बाद ऑटो चालकों के पास भी फंसी
युवती ने बताया कि जब बंधक बने व्यक्ति के पास से भागी तो ऑटो चालक ने गलत निगाह डाली। जब युवती को समझ आ गया, तो बोली कि मैं पुलिस को कॉल कर चुकी हूं। इसलिए मुझे रेलवे स्टेशन ही पहुंचाओ। इसके बाद स्टेशन पहुंची।
स्त्रोत : जागरण








