Menu Close

‘सेक्युलरिज्म’ के दुरुपयोग मुद्दे पर राजनाथ को शिवसेना का समर्थन

मुंबई : गृह मंत्री राजनाथ सिंह का समर्थन करते हुए शिवसेना ने कहा है कि ‘सेक्युलरिज्म’ एक ऐसा शब्द है, जिसका सबसे ज्यादा दुरुपयोग हुआ है। इसके साथ ही इसने कांग्रेस पर घटिया राजनीति के तहत संविधान संशोधन का रास्ता अपनाने का आरोप लगाया।

पार्टी ने शुक्रवार को अपने मुखपत्र सामना के संपादकीय में लिखा कि दलित समाज इस बात को जान गया है कि कांग्रेस अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए ‘बांटो और राज करो’ की नीति पर चल रही है। कांग्रेस ने इस बात को सुनिश्चित किया कि जाति, संप्रदाय और मजहब की दीवारें बनी रहें।

संपादकीय के अनुसार, संविधान का निर्माण देश को मजबूत और संप्रभु राष्ट्र बनाने के लिए किया गया था। लेकिन घटिया राजनीति के तहत इसमें कई संशोधन किए गए। शाहबानो मामले में सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले को पलटने के लिए संविधान संशोधन का रास्ता अपनाया गया। इस तरह के उदाहरणों से साफ है कि देश की संप्रभुता खतरे में है।

उल्लेखनीय है कि कल संसद में बहस के दौरान गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि ‘सेक्युलर’ शब्द का देश में सबसे ज्यादा दुरुपयोग किया गया है। इस पर अब रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा था कि अतीत में कई बार इस शब्द के दुरुपयोग के चलते समाज में तनाव की स्थिति आई है।

स्त्रोत : जागरण

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *