Menu Close

इस्लामिक स्टेट ने जारी किया ट्रैवल ब्रोशर, लोगों से की जिहादी बनने की अपील

ट्रैवल ब्रोशर में बताया गया है कि इस्लामिक स्टेट में छुट्टियां मनाने आने वालों को कई सुविधाएं दी जाएंगी।

बेरूत : सीरिया और इराक के बड़े हिस्से पर कब्जा कर खलीफा का राज कायम करने वाले इस्लामिक स्टेट ने सैलानियों के लिए रंग-बिरंगे ब्रोशर जारी किए हैं। इनका मुख्य उद्देश्य जिहादियों को लुभाना और ललचाना है। आईएसआईएस चाहता है कि इन्हें देखकर लोग आएं और संगठन से जुड़ें। ऑनलाइन जारी इस ब्रोशर में हॉलीडे पैकेज का जिक्र है। इसमें आने वालों को सूरज की खुली रोशनी, समुद्र का किनारा और इसके साथ जिहाद का आनंद देने का वादा किया गया है।

अक्सर सिर काटने और क्रूर सजा की तस्वीरें जारी करने वाले आईएसआईएस ऐसी तस्वीरें कम ही जारी करता है। इनमें जिहादी इराक में मोसुल के एक ओलिंपिक साइज पूल में स्वीमिंग के मजे लेते दिख रहे हैं। गांव सी दिखने वाली एक जगह पर जिहादी मधुमक्खी पालन करता दिख रहा है। पहाड़ से नदी में छलांग लगाते लोग भी दिखाए गए हैं। संगठन की मीडिया विंग ने एक मोबाइल एप्लीकेशन भी बनाई है, ताकि लोग इन तस्वीरों को डाउनलोड कर सकें।

जानकार बताते हैं कि क्रूर सजाओं और नरसंहार की खबरों के कारण खराब हो चुकी छवी को सुधारने के लिए संगठन ने ट्रैवल गाइड जारी की है। हालांकि, प्रोपेगैंडा तस्वीरें ध्यान से देखने पर सच्चाई मालूम चलती है। तस्वीरों में स्वीमिंग पूल के किनारे दीवार पर कड़ी चेतावनी लिखी दिख रही है। इसमें लिखा है कि तैराकी के दौरान सभी को लंबे शॉर्ट्स और टी-शर्ट पहननी होगी। इसमें यह भी लिखा है कि नमाज के समय तैराकी की इजाजत नहीं है और महिलाएं इस जगह से दूर रहें, वर्ना कड़ी सजा दी जाएगी।

पिछले महिने भी आईएसआईएस ने प्रोपेगैंडा फोटोज जारी किए थे, जिनमें मोसुल स्थित रेस्टोरेंट्स, बुटीक और शॉपिंग मॉल दिखाया गया था। बताया जा रहा है कि तिगरिस नदी के किनारे बने आलीशान निन्वेह होटल पर भी कब्जा करके इसे फिर से शुरू किया गया है।

स्त्रोत : भास्कर 

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *