-
150 युवक-युवतियों की सहभागिता
-
धर्म, संस्कृति और राष्ट्रनिष्ठा का हुआ जागरण
युवाओं को राष्ट्र और धर्म के लिए तैयार रहना चाहिए ! – विधायक सचिन कल्याणशेट्टी, भाजपा

अक्कलकोट – हिंदू जनजागृति समिति की ओर से अक्कलकोट में आयोजित 3 दिवसीय आवासीय हिंदू धर्म-संस्कार शिविर उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस शिविर में सोलापुर, लातूर, बीड, धाराशिव, नांदेड़, अंबाजोगाई, कर्नाटक, इंदापुर, वालचंदनगर, बार्शी आदि क्षेत्रों से लगभग 150 युवक-युवतियों ने सहभाग लिया। शिविर में अक्कलकोट विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सचिन कल्याणशेट्टी ने सद्भावना भेंट देकर युवाओं से संवाद किया। उन्होंने कहा, “धर्मरक्षण प्रत्येक हिंदू का कर्तव्य है तथा युवाओं को राष्ट्र और धर्म के लिए सदैव तैयार रहना चाहिए।” साथ ही उन्होंने ऐसे उपक्रमों के लिए आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
शिविर में धर्मशिक्षा, हिंदू धर्म के सिद्धांत, भारतीय संस्कृति, राष्ट्रनिष्ठा, व्यक्तित्व विकास, स्वसंरक्षण प्रशिक्षण तथा परिवार व्यवस्था में संस्कारों के महत्त्व जैसे विषयों पर मार्गदर्शन किया गया। इस अवसर पर सनातन संस्था की पू. दीपाली मतकर की विशेष उपस्थिति रही।

इस दौरान विधायक कल्याणशेट्टी को विभिन्न विषयों पर ज्ञापन भी सौंपे गए। इनमें शिवराजेश्वर मंदिर को मिलने वाले अल्प शासकीय अनुदान का विषय तथा ‘स्वातंत्र्यवीर सावरकर सदन’ के संरक्षण और संवर्धन का मुद्दा प्रमुख रूप से उनके समक्ष रखा गया।
शिविर की सफलता में अनेक मान्यवरों का योगदान रहा। अक्कलकोट के अमोलराजे भोसले ने अन्नछत्र में महाप्रसाद की व्यवस्था करने के साथ 100 लोगों के लिए तीन विशाल हॉल, गद्दे, तकिए और बिस्तरों सहित निःशुल्क आवास व्यवस्था उपलब्ध कराई। श्रीधर पोतदार ने 40 लोगों के ठहरने की व्यवस्था की। राजाराय मठ के प्रबंधन ने तीन दिनों तक 150 शिविरार्थियों के लिए नाश्ते की व्यवस्था की। बालाजी कदम ने शिविर हेतु सभागार निःशुल्क उपलब्ध कराया।
शिविर में अनुशासन, सेवाभाव और सात्त्विक वातावरण को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की तथा कहा कि सभागार में सकारात्मक परिवर्तन अनुभव हो रहा है। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के लिए सभागार उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
शिविर के दौरान आनंद, अनुशासन, संगठन भावना और सेवाभाव का वातावरण बना रहा। शिविर के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर उपस्थित सभी लोगों ने गुरुदेव के चरणों में कृतज्ञता व्यक्त की।








