
हिंदु जनजागृती समिति के राष्ट्रीय मार्गदर्शक सद्गुरु डॉ. चारुदत्त पिंगळे ने मध्यप्रदेश राज्य का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भोपाल, उज्जैन और इंदौर में हिंदुत्वनिष्ठ तथा मान्यवर व्यक्तियों से भेंट की और विभिन्न चर्चासत्रों को संबोधित किया। प्रस्तुत है इस दौरे का संक्षिप्त वृत्तांत।
इंदौर में मातृशक्ति हेतु चर्चासत्र का आयोजन
इंदौर (मध्यप्रदेश) – कुंकू लगाना तथा पारंपरिक पद्धति से जन्मदिन मनाना जैसी परंपराओं के पीछे आध्यात्मिक शास्त्र है। आज की विवेकशील युवा पीढ़ी को इन परंपराओं का वैज्ञानिक और आध्यात्मिक आधार समझाना आवश्यक है, जिससे हमारा दिव्य धर्मज्ञान आगे बढ़ता रहे, ऐसा मार्गदर्शन सद्गुरु डॉ. चारुदत्त पिंगळे ने मातृशक्ति हेतु आयोजित चर्चासत्र में किया। यह कार्यक्रम भाजपा की शहरमंत्री अधिवक्ता स्वाती काशिद द्वारा आयोजित किया गया था। इस अवसर पर सद्गुरु डॉ. पिंगळे का भावपूर्ण सम्मान किया गया तथा साप्ताहिक सत्संग आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
चर्चासत्र के पश्चात सद्गुरु डॉ. पिंगळे ने श्रीनाथ संप्रदाय के प.पू. योगेश्वर सद्गुरु श्री शीलनाथ महाराज की पवित्र तपोभूमि का दर्शन कर हिंदू राष्ट्र की स्थापना हेतु प्रार्थना की। इस अवसर पर अधिवक्ता काशिद ने तपोभूमि की आध्यात्मिक विशेषताओं की जानकारी दी।
स्थानीय बुद्धिजीवियों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को मार्गदर्शन
इंदौर के सर्वसंपन्ननगर और वंदनानगर में बुद्धिजीवियों तथा साईनाथ कॉलोनी में युवा चार्टर्ड अकाउंटेंट्स हेतु चर्चासत्र आयोजित किया गया। इस अवसर पर सद्गुरु डॉ. पिंगळे ने कहा, “हिंदू राष्ट्र की स्थापना के लिए हिंदू समाज को अपना धर्मबल और साधनाबल बढ़ाना आवश्यक है। मंदिरों के माध्यम से धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक साधना पर आधारित प्रबोधनात्मक उपक्रम तथा बालसंस्कार वर्ग चलाकर समाज को संगठित किया जा सकता है।”
उन्होंने उपस्थितों के प्रश्नों का समाधान करते हुए युवाओं को हिंदू संस्कृति और धर्म का जीवन में महत्त्व समझाया तथा भारतीय और विदेशी संस्कृति के अंतर स्पष्ट किए।
भोपाल में राष्ट्र और धर्म विषयक चर्चासत्र
भोपाल के संत हिरदारामनगर क्षेत्र के बैरागढ़ में आयोजित चर्चासत्र में सद्गुरु डॉ. पिंगळे ने हिंदुओं को संगठित रहने तथा धर्मकार्य में साधनाबल के महत्त्व पर मार्गदर्शन किया। इस कार्यक्रम का आयोजन ‘भारत विकास परिषद’ के राज्य समन्वयक कमल प्रेमचंदानी द्वारा किया गया था। कार्यक्रम में संघचालक श्री बसंत चेलानी, ‘संस्कार स्कूल’ के अध्यक्ष श्री सुशील वासवानी, ‘नवयुवक सभा’ के सचिव श्री सुरेश राजपाल सहित अन्य मान्यवर उपस्थित थे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भैय्याजी जोशी से संवाद

‘कालायन-वैदिक घड़ी उपक्रम संकल्प’ कार्यक्रम के अवसर पर सद्गुरु डॉ. पिंगळे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भैय्याजी जोशी से सौहार्दपूर्ण संवाद किया तथा उन्हें हिंदी भाषा में प्रकाशित ‘धर्मशिक्षा फलक’ ग्रंथ भेंट स्वरूप प्रदान किया।
‘सागर ग्रुप’ के अध्यक्ष सुधीर अग्रवाल से सदिच्छा भेंट

भोपाल प्रवास के दौरान सद्गुरु डॉ. पिंगळे ने ‘सागर ग्रुप’ के अध्यक्ष श्री सुधीर अग्रवाल से भेंट की और समिति द्वारा युवाओं के लिए चलाए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
उज्जैन में ‘कालायन-वैदिक घड़ी उद्घोषणा’ कार्यक्रम में सहभाग
उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर परिसर में आयोजित ‘कालायन-वैदिक घड़ी उपक्रम संकल्प’ के उद्घोषणा कार्यक्रम में सद्गुरु डॉ. चारुदत्त पिंगळे विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारी सदस्य श्री भैय्याजी जोशी, कांची कामकोटी पीठ के शंकराचार्य स्वामी नृसिंह विजयेंद्र सरस्वती, सोमयाग के प्रमुख आचार्य आपटे गुरुजी तथा महर्षि सांदीपनी वेदविद्या प्रतिष्ठान के सचिव डॉ. विरूपाक्ष उपस्थित थे। इस अवसर पर ‘कालायन परिवार’ की ओर से सद्गुरु डॉ. पिंगळे का सम्मान किया गया।
पत्रकार राष्ट्र और धर्म के ध्वजवाहक ! – सद्गुरु डॉ. चारुदत्त पिंगळे
इंदौर में ‘मातृभाषा उन्नयन संस्थान’ द्वारा आयोजित पत्रकार वार्तालाप में सद्गुरु डॉ. पिंगळे ने कहा, “पत्रकार राष्ट्र और धर्म के ध्वजवाहक हैं। भारत की संस्कृति का व्यापक प्रचार करना तथा भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने हेतु राष्ट्रजागृति करना उनका दायित्व है।”
इस अवसर पर इंदौर प्रेस क्लब के अध्यक्ष दीपक कर्दम तथा ‘मातृभाषा उन्नयन संस्थान’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अर्पण जैन ने भगवान श्रीराम का चित्र भेंट कर सद्गुरु डॉ. पिंगळे का सम्मान किया। बैठक में राष्ट्र, धर्म और सामाजिक चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस अवसर पर ‘साहित्यग्राम’ पुस्तक भी भेंट की गई। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पदाधिकारी, हिंदु जनजागृती समिती तथा सनातन संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित थे।








