लोणी काळभोर (पुणे) में ‘हिंदू महिला महोत्सव’ में भव्य दोपहिया रैली द्वारा धर्मजागरण

लोणी काळभोर (जिला पुणे) – गुड़ी पड़वा और हिंदू नववर्ष के शुभ अवसर पर ‘संस्कृति संवर्धन’ और ‘श्री शक्ति जागरण’ के उद्देश्य से आयोजित हिंदू महिला महोत्सव 2026 अत्यंत उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस महोत्सव के अंतर्गत एक भव्य दोपहिया रैली निकाली गई, जिसमें अनेक महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भाग लेकर हिंदुत्व के जयघोष किए।
रैली के समापन अवसर पर हिंदू जनजागृति समिति की ओर से उपस्थित महिलाओं का मार्गदर्शन किया गया। समिति की कु. प्राची शिंत्रे ने कहा कि, आज के असुरक्षित वातावरण में केवल शारीरिक सशक्तिकरण पर्याप्त नहीं है, बल्कि धर्माचरण और धर्मशिक्षा प्राप्त करना भी समय की आवश्यकता है। इस आयोजन में विभिन्न हिंदुत्वनिष्ठ संगठनों ने सहभाग लिया।
शौर्य प्रशिक्षण शिविर का अनुभव
इस कार्यक्रम का विशेष आकर्षण कु. आर्या पाठक का अनुभव कथन रहा। कसबा पेठ में आयोजित शौर्य प्रशिक्षण शिविर में सहभागी आर्या ने बताया कि ऐसे प्रशिक्षण से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ता है। आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रत्येक युवती को स्वसंरक्षण प्रशिक्षण लेना चाहिए और समिति के कार्य से जुड़ना चाहिए।
विभिन्न हिंदुत्वनिष्ठ संगठनों की सहभागिता
इस कार्यक्रम में अहिल्यादेवी सेवा समिति, राष्ट्र सेवा समिति और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ सहित कई संगठनों की महिला पदाधिकारी उपस्थित थीं। विशेष रूप से अहिल्यादेवी शाखा, लोणी काळभोर की पदाधिकारी सौ. संध्या विशाल वेदपाठक (कार्यवाहिका एवं लष्कर भाग सेवा प्रमुख) तथा सौ. भाग्यश्री हरिश्चंद्र भिकोले (बौद्धिक प्रमुख एवं लष्कर भाग सह-बौद्धिक प्रमुख) की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
कदम वाकवस्ती और लोणी काळभोर की हिंदू महिलाओं के संयुक्त प्रयास से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।








