हिंदू राष्ट्र की स्थापना के लिए अपना सर्वोत्तम योगदान देने का संकल्प करें ! – श्री दामोदर लिंगायत, हिंदू जनजागृति समिति

रायपाटण (राजापुर) – छत्रपति शिवाजी महाराज द्वारा स्थापित हिंदवी स्वराज्य की तरह ही हिंदू राष्ट्र की स्थापना के लिए मावलों की भांति योगदान देने का यही उचित समय है। इसके लिए सभी को अपना सर्वोत्तम योगदान देने का संकल्प करना चाहिए, ऐसा आह्वान हिंदू जनजागृति समिति के श्री दामोदर लिंगायत ने किया। वे रायपाटण के होळीचा मांड परिसर में, तिथि के अनुसार हाल ही में मनाई गई शिवजयंती के अवसर पर आयोजित ‘छत्रपति शिवाजी महाराज : हिंदवी स्वराज्य से हिंदू राष्ट्र की ओर’ विषय पर आयोजित व्याख्यान में बोल रहे थे।
श्री लिंगायत ने आगे कहा कि, जिन लोगों की हिंदू राष्ट्र के लिए कुछ करने की इच्छा है, उनके लिए समिति की ओर से प्रारंभ में धर्मशिक्षण वर्ग या स्वसंरक्षण प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाते हैं। यदि अपने क्षेत्र में इस प्रकार के साप्ताहिक वर्ग शुरू करना चाहते हैं, तो हमें अवश्य बताएं।
कार्यक्रम की शुरुआत में जिजामाता विद्यामंदिर, रायपाटण के पूर्व मुख्याध्यापक श्री विनोद करंदीकर ने प्रस्तावना रखते हुए शिवकार्य का संक्षिप्त परिचय दिया।
इस अवसर पर रायपाटण के सरपंच श्री नीलेश चांदे, पंचायत समिति सदस्य श्री उमेश पराडकर, रायपाटण के ग्रामदैवत श्री वडचाई मंदिर के मुख्य विश्वस्त श्री विनायक शेट्ये, गावकरी संघ के श्री विलास गांगण, हिंदू जनजागृति समिति के श्री वेदांत कायरकर सहित लगभग 40 शिवप्रेमी उपस्थित थे।
इस कार्यक्रम की सफलता के लिए श्री मंगेश पराडकर और श्री प्रकाश पाताडे आदि ने विशेष प्रयास किए।








