
अजयमेरु (अजमेर), राजस्थान – यहां के आदर्श नगर स्थित शिव मंदिर और पंचशील कॉलोनी के सीताराम मंदिर में ‘पौष बडा प्रसादी’ के अवसर पर धर्मशिक्षा संबंधी प्रबोधन का कार्यक्रम आयोजित किया गया । इस अवसर पर उपस्थित २५० से अधिक श्रद्धालुओं को हिन्दू जनजागृति समिति के राजस्थान समन्वयक श्री. आनंद जाखोटिया ने संबोधित किया ।
आदर्श नगर स्थित कार्यक्रम में प्रबोधन हेतु व्यावसायी श्री. संतोष आचार्य द्वारा पहल की गई । साथ ही पंचशील कॉलोनी में श्रीमती पूजा चौधरी के प्रयासों से और पुरोहित सम्पतराज उपाध्याय के सहयोग से प्रबोधन कार्यक्रम संपन्न हुआ । इस कार्यक्रम में श्रीमती सुगंध मिश्रा ने कुलदेवी के नामजप का महत्त्व बताया । पंचशील कॉलोनी के कार्यक्रम में पधारे अमेरिका निवासी श्री. संजय सोनी ने धर्माचरण की वैज्ञानिक जानकारी प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त की ।
‘राष्ट्र और धर्म की दृष्टि से हमारे दायित्व’ विषय पर उपस्थित लोगों का प्रबोधन

आग्रह व्रत अभियान के सक्रिय सदस्य श्री. राहुल सिसोदिया ने अपने निवास पर साई विहार कॉलोनी के प्रबुद्धजनों के लिए एक बैठक का आयोजन किया । इस बैठक में हिन्दू जनजागृति समिति की ओर से श्री. जाखोटिया ने धर्मशिक्षा के साथ ‘राष्ट्र और धर्म की दृष्टि से हमारे दायित्व’ विषय पर उपस्थित लोगों का प्रबोधन किया । इस समय समिति के श्री. राहुल श्रीवास्तव एवं श्री. भंवर सिंह राठौड ने धर्माचरण एवं साधना से स्वयं में तथा परिवार में आए परिवर्तन के विषय में अपने अनुभव सभी के साथ साझा किए । इस बैठक में समिति द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न राष्ट्र एवं धर्म रक्षा अभियानों की जानकारी भी साझा की गई । इस समय श्रीमती अनिषा श्रीवास्तव भी उपस्थित थीं ।
हनुमंत जागरण मंच के श्री. गुलाबचंद द्वारा कीर्तिनगर के प्रबुद्धजनों के लिए बैठक का आयोजन किया गया । इस बैठक में समिति के श्री. आनंद जाखोटिया एवं श्री. भंवर सिंह राठौड द्वारा उपस्थित लोगों का उद्बोधन किया गया ।
हिन्दू राष्ट्र-जागृति अभियान हेतु विभिन्न संगठनों से समन्वय हिन्दू जनजागृति समिति के जालस्थल (वेबसाइट) के पाठक श्री. जेठो बालानी के प्रयासों से आदेश सेवा समिति के पदाधिकारियों के साथ एक समन्वय बैठक संपन्न हुई । इस बैठक में आदेश सेवा समिति के अध्यक्ष श्री. मोनू सेन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे । इस बैठक में परस्पर सहयोग से हम राष्ट्र और धर्म के कौन-से उपक्रम संचालित कर सकते हैं, इसपर विचार हुआ । साथ ही सेवाकार्य को ईश्वरीय अधिष्ठान प्राप्त होने हेतु क्या करें आदि विषयों पर समिति के श्री. जाखोटिया ने अपने विचार प्रस्तुत किए ।
साथ ही एम.डी. कॉलोनी के श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में श्री. जेठो बलानी के माध्यम से पौष बडा महोत्सव में कुलदेवी और दत्तात्रेय भगवान का विषय लेने का अवसर प्राप्त हुआ । श्रीमती सुगंध मिश्रा ने कुलदेवी का महत्त्व और श्रीमती चंद्रा लालवानी ने दत्तात्रेय भगवान के नामजप का महत्त्व बताया ।








