
उत्तर प्रदेश के दादरी में तीन तलाक का एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। दादरी थाने में दर्ज हुए एक मुकदमे के अनुसार एक महिला को उसके पति ने केवल सब्जी के लिए पैसे मांगने पर तलाक दे दिया। महिला ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। यह चौंकाने वाली घटना शनिवार (२९ जून) की बताई जा रही है।
ये है पूरा मामला
थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक नीरज मलिक ने बताया कि २९ जून को पीडिता ने अपने पति साबिर, देवर जागीर, जेठानी समा, जेठ और सास को नामित करते हुए दहेज उत्पीडन और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया। मलिक ने मीडिया को बताया कि पीडिता के अनुसार उसने २९ जून की शाम को अपने पति साबिर से सब्जी के लिए ३० रुपये मांगे थे। पति ने सब्जी के लिए पैसे देने के बजाय उसके साथ मारपीट की और तीन बार तलाक-तलाक कह कर उसे तलाक दे दिया।
टीओआई की रिपोर्ट के अनुसार महिला की पहचान ३० वर्षीय जैनब के रूप में हुई है। घटना रावजी मार्केट की बताई जा रही है। जैनब ने अपने पति पर सरेआम पेचकस से हमला करने का भी आरोप लगाया। जैनब के अनुसार इस घटना के दौरान उसकी सास ने कान के गहने भी उतारने की कोशिश की लेकिन उसने आपत्ति जताई। जैनब के पिता मुरसलीम ने कहा, ‘नौ साल पहले हुई शादी के बाद से ही दोनों के रिश्ते ठीक नहीं थे। दो साल पहले भी साबिर ने जैनब के सिर में छड़ी से वार कर दिया था।’महिला के परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने साबिर को मजिस्ट्रियल कोर्ट में पेश किया, जहां साबिर को सीआरपीसी की धारा १५१ के तहत चालान दिया गया।
स्त्रोत : जनसत्ता








