
उत्तर प्रदेश में मेरठ के सरधना में मारपीट और रेप की कोशिश के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती नाबालिग लडकी की मौत हो गई है। लडकी की हालत कुछ दिन से गंभीर बताई जा रही थी। जहां उसने गुरुवार को दम तोड दिया। इसके बाद से इलाके में तनाव है। मामला दो समुदाय से होने के कारण एहतियातन क्षेत्र में पीएसी और रैपिड एक्शन फोर्स को तैनात कर दिया गया है।
मामला दीवाली की रात (७ नवंबर) का है। १४ साल की लडकी अपने घर पर अकेली थी। इस दौरान फहीम उर्फ गुड्डू ने मौके का फायदा उठाकर घर में घुस उससे मारपीट की और बलात्कार करने की कोशिश की। रात में ही परिजनों ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी थी। इसके बाद से लडकी अस्पताल में भर्ती थी। गुरुवार को लडकी की मौत के बाद परिजनों ने उसका पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया था। घटना के बाद युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अलग अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था।
घटना के बाद भाजपा विधायक संगीन सोम पीडित परिवार से मिले थे। उन्होंने लडकी के पिता को आश्वासन दिया था कि इलाज में कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। लेकिन लडकी की तबीयत खराब ही होती रही। मंगलवार से उसकी स्थिति गंभीर होती चली गई और गुरुवार को उसने दम तोड दिया। नाबालिग की मौत की खबर मिलते ही संगीत सोम पहुंचे और कहा कि, शासन-प्रशासन से बात कर पर्याप्त मुआवजा दिलाया जाएगा।
वहीं, नाबालिग की मौत के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पीएसी-रैपिड एक्शन फोर्स तैनात कर दिया गया है। मामला दो समुदाय से जुडा होने के कारण प्रशासन कोई भी कोताही नहीं बरतना चाहता। सरधना पुलिस स्टेशन के थानाध्यक्ष प्रशांत कपिल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
स्त्रोत : जनसत्ता








