Menu Close

गोवा में प्लास्टर ऑफ पेरिस की श्री गणेशमूर्तियों पर प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने की हिंदू जनजागृति समिति की मांग

उत्तर गोवा के जिलाधिकारी को ज्ञापन प्रस्तुत

उत्तर गोवा के जिलाधिकारी श्री. अंकित यादव को ज्ञापन सौंपते हुए बाईं ओर से श्रीमती अनिता नाईक, मानसी चोपडेकर और श्रीमती रुक्मिणी रायकर।

पणजी – पिछले कुछ वर्षों से गोवा राज्य में प्लास्टर ऑफ पेरिस की श्री गणेशमूर्तियों के आयात और बिक्री पर सरकार द्वारा प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद अन्य राज्यों से गोवा में प्लास्टर ऑफ पेरिस की श्री गणेशमूर्तियां लाकर, प्रतिबंधों की अनदेखी करते हुए, पिछले वर्ष तक उनकी बिक्री जारी थी।

गोवा राज्य को प्लास्टर ऑफ पेरिस की श्री गणेशमूर्तियों से मुक्त करने के लिए सरकार इस प्रतिबंध को प्रभावी ढंग से और तत्काल लागू करे, ऐसी मांग हिंदू जनजागृति समिति ने उत्तर गोवा के जिलाधिकारी श्री अंकित यादव को दिए गए एक ज्ञापन के माध्यम से की।

इस अवसर पर हिंदू जनजागृति समिति के प्रतिनिधिमंडल में श्रीमती अनिता नाईक, मानसी चोपडेकर और श्रीमती रुक्मिणी रायकर उपस्थित थीं।

जिलाधिकारी श्री अंकित यादव ने इस मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आश्वासन दिया कि प्लास्टर ऑफ पेरिस की श्री गणेशमूर्तियां गोवा में आयात न हों, इसके लिए आवश्यक उपाय किए जाएंगे। साथ ही, यदि गोवा में प्लास्टर ऑफ पेरिस की श्री गणेशमूर्तियों की बिक्री होती पाई गई, तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी, ऐसा भी उन्होंने बताया।

इसी प्रकार का एक ज्ञापन हिंदू जनजागृति समिति द्वारा पेडणे तालुका के उपजिलाधिकारी को भी दिया गया है।

हिंदू जनजागृति समिति द्वारा दिए गए ज्ञापन में पर्यावरणपूरक श्री गणेशमूर्तियों का प्रचार-प्रसार करने, शाडू मिट्टी की मूर्तियां बनाने वाले मूर्तिकारों को प्रोत्साहन देने के लिए विशेष योजना लागू करने तथा गणेशोत्सव के बाद मूर्तियों का विसर्जन बहते जल में हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्था करने जैसी मांगें भी की गई हैं।

इसी प्रकार, राज्य में प्लास्टर ऑफ पेरिस की श्री गणेशमूर्तियों के आयात और बिक्री पर नियंत्रण रखने के लिए पर्यावरण विभाग, राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल, आबकारी विभाग, वाणिज्यिक कर विभाग तथा पुलिस विभाग को शामिल करते हुए एक विशेष कार्यदल गठित करने की मांग भी की गई है।

Latest News