Menu Close

गाय रखने वालोंको चारा मुफ्त देगी सरकार – केंद्रीय वन मंत्री

केंद्रीय वन मंत्री श्री. प्रकाश जावड़ेकर

नई देहली : केंद्रीय वन मंत्री श्री. प्रकाश जावड़ेकर ने शनिवार को कहा कि दूध देना बंद कर देने वाली गायोंको बेचने से किसानोंको रोकने के लिए सरकार गाय रखने वालोंको मुफ्त चारा उपलब्ध कराने की योजना पर विचार कर रही है।

राष्ट्रीय गोधन महासंघद्वारा केंद्रीय कृषि मंत्रालय के सहयोग से आयोजित गो संरक्षण पर एक सम्मेलन में श्री. जावड़ेकर ने कहा कि यह योजना ऐसी गायोंकी देखभाल के लिए तैयार की जा रही है, जो दूध देना बंद कर देती हैं। इस से चारे के लिए मवेशियोंको जंगल ले जाने से वन क्षेत्र को होने वाले नुकसान से भी बचा जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि गायद्वारा दूध देना बंद करने की स्थिति में गो संरक्षण के लिए किसानोंको प्रोत्साहित करना बड़ी चुनौती है। किसान गायोंको तभी तक चारा खिलाते हैं, जब तक वह दूध देती है, लेकिन जब दूध देना बंद कर देती है तो वे आर्थिक बाध्यताओंके चलते उसे कसाई को सौंप देते हैं।

श्री. जावड़ेकर ने कहा कि किसान गाय को प्यार करता है, लेकिन उसके दूध देना बंद करने पर चारा खिलाना उसके लिए बड़ी चिंता होती है। हम इस बारे में विचार कर रहे हैं कि गांवोंके आसपास के जंगलोंका इस कार्य में कैसे उपयोग किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि सरकार मनरेगा के तहत आने वाले वन क्षेत्र में घास उगाने का इरादा कर रही है। ये घास आसपास के किसानोंको बिना कोई राशि लिए दी जाएगी। उन्होंने कहा कि योजना जल्द लागू की जाएगी।

स्त्रोत : नवभारत टाइम्स

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *