लाहौर : आतंकी हाफिज सईद ने बॉलीवुड फिल्म ‘फैंटम’ पर पाकिस्तान में बैन लगाने की मांग की है। जमात-उद-दावा (जेयूडी) के चीफ हाफिज सईद ने अपनी मांग को लेकर लाहौर हाईकोर्ट में एक पिटीशन भी दाखिल की है। सैफ अली खान-कैटरीना कैफ स्टारर ‘फैंटम’ मुंबई हमले पर आधारित है। हाफिज २६/११ हमले का मास्टरमाइंड है। बता दें कि अभी तक इस फिल्म का ट्रेलर ही रिलीज हुई है। फिल्म २८ अगस्त को रिलीज होने वाली है।
क्या है हाफिज की दलील
हफीज ने कहा, ”फैंटम में एंटी-पाकिस्तानी कंटेंट है इसलिए इस पर बैन लगे।” अपनी पिटीशन में हाफिज ने फिल्म को पाकिस्तान के खिलाफ ‘प्रोपेगैंडा’ करार दिया है। हाफिज के एडवोकेट एके डोगरा ने सईद की ओर से पिटीशन दायर करते हुए इसे ‘पाकिस्तान और जेयूडी के खिलाफ जहरीला’ करार दिया है। आरोप है, ”यह फिल्म २००८ मुंबई हमलों को लेकर है और इसमें जेयूडी को विश्व में आतंकी संगठन के रूप में पेश करने की कोशिश हो रही है।”
दावे को नकारता रहा है पाकिस्तान
लश्कर-ए-तैयबा के फाउंडर ने कोर्ट में दावा किया है कि मुंबई हमलों को लेकर पाकिस्तान ने पहले ही भारत के दावे को खारिज कर दिया है जिसमें जेयूडी पर आरोप लगाए जाते रहे हैं। अमेरिका ने सईद पर १० मिलियन अमेरिकी डॉलर का इनाम रखा है। लाहौर हाईकोर्ट के जस्टिस शहीद बिलाल हसन ने पिटीशन पर अगली सुनवाई की तारीख १० अगस्त तय की है।
मुंबई हमले में हाफिज का रोल
२६ नवंबर २००८ में मुंबई पर पाकिस्तान से आए आतंकियों ने कई स्थानों पर हमला किया था। इस हमले में कई विदेशी नागरिकों सहित १६६ लोगों की मौत हुई थी। इस हमले को अंजाम देने के लिए लश्कर के कमांडर जकी-उर-रहमान लखवी और सईद हफीज ने आतंकियों को पाकिस्तान में ट्रेनिंग दी थी। कबीर खान के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म में सैफ अली खान एक इंडियन एजेंट हैं जो मुंबई हमले के आरोपी हाफिज सईद की तलाश करते हैं।
स्त्रोत : भास्कर








