मुंबई : शुक्रवार को रूस के उफा में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तानी पीएम नवाज शरीफ के बीच मुलाकात के बाद एक ओर भाजपा ने सकारात्मक रूख अपनाते हुए इसे अच्छा बताया है, वहीं दूसरी तरफ सरकार की सहयोगी शिवसेना ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है।
मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि पंतप्रधान मोदी पर जनता को पूरा भरोसा है। वह हालात को बदलने में सक्षम हैं। ठाकरे ने बातचीत की बजाय ठोस कदम उठाने की वकालत करते हुए कहा कि पाकिस्तान जो सीमा पर हरकतें कर रहा है, इसके लिए उसे सबक सिखाना होगा। ऐसी बातचीत से कुछ नहीं होने वाला है। पाकिस्तान ने कल ही सीमा पर संघर्षविराम का उल्लंघन किया, जिसमें बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया।
उन्होंने कश्मीर को भारत का अभिन्न हिस्सा बताते हुए कहा कि इस पर बातचीत हमें किसी भी हालत में स्वीकार नहीं है। पार्टी प्रमुख ने कहा कि सरकार को पीओके पर दावा किसी भी सूरत में नहीं छोड़ना चाहिए।
स्रोत : जागरण








