Menu Close

‘अमरनाथ यात्रियों पर हमला हुआ तो हज यात्रियों को भुगतना पड़ेगा खमियाजा’

नई दिल्ली: बीजेपी नेता साध्वी प्राची ने कहा कि अगर इस बार अमरनाथ यात्रियों के लिए कोई खतरा पैदा हुआ तो इसका खामियाजा हज यात्रियों को भुगतना होगा। साध्वी प्राची मजहबी आधार पर विवादित बयानों के लिए जानी जाती हैं। इस बार धार्मिक स्थानों पर हमले की आशंका के मद्देनजर उन्होंने कहा कि अगर अमरनाथ जाने वाले तीर्थ यात्रियों को इस बार कोई खतरा हुआ तो इसका खामियाजा हज यात्रियों को भी भुगतना पडेगा। उन्होंने आगे कहा, ‘ये हमले अमरनाथ, वैष्णो देवी और कैलाश मानसरोवर यात्रियों पर ही क्यों होते हैं, हज करने वालों पर क्यों नहीं।’

बीजेपी के टिकट पर लड चुकी हैं चुनाव

साध्वी प्राची ने कहा कि उनके पास न बीजेपी में कोई पद है और न ही विश्व हिंदू परिषद में। लेकिन वह इस समय विश्व हिन्दू परिषद और अन्य हिंदू संगठनों के जरिये काम कर रही हैं। हालांकि साध्वी प्राची मुजफ्फरनगर से बीजेपी के टिकट पर २०१२ का विधानसभा चुनाव लड चुकी हैं। तब से उन्हें बीजेपी की सदस्यता से निष्कासित किया गया हो, ऐसी कोई खबर नहीं है। इससे पहले वह योग पर भी विवादित टिप्पणी कर चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि योग का विरोध करने वालों को पाकिस्तान चले जाना चाहिए और उन्हें इस देश में रहने का कोई अधिकार नहीं है।

साध्वी के अन्य बयान

१. योग का विरोध करने वालों को पाकिस्तान चले जाना चाहिए। इतना ही नहीं साध्वी ने उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के योग में शामिल न होने पर निशाना साधते हुए कहा था कि किसी नेता के बेटी की शादी नहीं थी कि उनको न्यौता भेजवाया जाता।

२. साध्वी प्राची का नाम मुजफ्फरनगर दंगों से ठीक पहले हुई महापंचायत में भी उछला था, जहां वे जाट महापंचायत में शामिल हुई थीं। इस महापंचायत में कई बीजेपी नेता भी थे। महापंचायत खत्म होने के बाद दो पक्षों में फायरिंग हुई थी, जिसमें कई लोग मारे गए थे। साध्वी प्राची पर थाना सिखेडा में भडकाऊ भाषण देने का मामला भी दर्ज किया गया था। पुलिस ने उन्हें मुरादाबाद के कांठ में जाने से भी रोक दिया गया था।

३. सितंबर २०१४ में यूपी के ठाकुरद्वारा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में हुई जनसभा में साध्वी प्राची ने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव को बलात्कारियों का हिमायती कहा था। उन्होंने मुजफ्फरनगर समेत उत्तर प्रदेश में हुए सभी दंगों के पीछे आजम खां का हाथ बताया था। और आजम के नार्को टेस्ट की बात कही थी।

४. साध्वी शक्ति परिषद की प्रदेश अध्यक्ष साध्वी डॉ. प्राची ने ठाकुरद्वारा के ही सुल्तानपुर इलाके में एक चुनावी सभा में कहा था कि उत्तर प्रदेश की सरकार तो रामपुर का एक मंत्री (आजम खान) चला रहा है। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तो बच्चा है।

५. राजस्थान के भीलवाडा में १२ जनवरी २०१५ को साध्वी प्राची ने बयान दिया था कि हिंदू महिलाएं कम से कम चार बच्चें पैदा करें। उन्नाव के बीजेपी सांसद साक्षी महाराज भी इस कार्यक्रम में शामिल थे। साध्वी के इस बयान पर उत्तर प्रदेश के कबीना मंत्री शिवपाल यादव ने सवाल उठाया था कि क्या ज्यादा बच्चे पैदा करने का आह्वान करने वाली साध्वी प्राची खुद भी चार बच्चे पैदा करेंगी। ठीक इसके बाद मेरठ में एक कार्यक्रम के दौरान साध्वी प्राची ने शिवपाल पर पलटवार करते हुए उन्हें पागल करार दिया था। साध्वी ने कहा था कि शिवपाल को पागलों के अस्पताल भेज देना चाहिए।

स्रोत : पंजाब केसरी

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *