
बेंगलुरू : कर्नाटक के मुख्यमंत्री के. सिद्धारामैया ने स्कूलों और कॉलेजों के पाठ्यक्रम में योग को शामिल करने की घोषणा की है। सिद्धारामैया ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर विधानसभा भवन के सामने योग कार्यक्रम का उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्राथमिक और माध्यमिक कक्षाओं में योग को अनिवार्य विषय बनाया जाएगा जबकि उच्च कक्षाओं में यह वैकल्पिक होगा।
उन्होंने कहा कि संबंधित मंत्रियों के साथ बैठक के बाद इसकी विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र को योग दिवस के मुद्दे पर प्रभावित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि योग सभी बीमारियों का उपचार है। प्रतिदिन विभिन्न आसनों का अभ्यास कर हम अपनी मानसिक और शारीरिक क्षमता को मजबूत कर सकते हैं।
स्त्रोत : पत्रिका








