जोहान्सबर्ग : पश्चिमी अफ्रीकी देश नाइजीरिया के पूर्वोत्तर में आंतकवादी संगठन बोको हरम के एक पुराने ठिकाने से बरामद बमों के विस्फोट में बुधवार को ६३ लोगों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गये।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि ये विस्फोटक स्थानीय लड़ाकों को मिले, जो इसे लेकर मोनगुनो शहर में ले गए, जहां इसे देखने के लिए उत्सुक लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी।
विस्फोट के समय लोगों की भीड़ के कारण इस घटना में मरने वालों की संख्या ६३ तक पहुंच गयी। उन्होंने बताया कि घायलों का अस्पताल में उपचार हो रहा है। मृतकों में ज्यादातर नौजवान और कुछ महिलाएं भी है।
नाइजीरिया में पिछले छह वर्षों के इस्लामिक आतंकवाद के कारण लगभग १३ हजार लोगों की मौत हो गयी हैं और १५ लाख से अधिक लोग बेघर हो गए हैं।
स्रोत : हिन्दुस्थान








