
इंफाल : आज सुबह लगभग साढ़े आठ बजे मणिपुर के चंदेल जिले में सेना के एक गश्ती दल पर उग्रवादियों के एक समूह द्वारा घात लगा कर किये गये हमले में सेना के १० जवानों की मौत हो गयी और १२ घायल हैं। एक निजी टीवी चैनल के अनुसार हमले में २० जवान शहीद हुए हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि छह डोगरा रेजीमेंट का एक दल यहां से लगभग ८० किलोमीटर दूर तेनगनोउपाल-न्यू समतल रोड पर नियमित रुप से गश्ती (आरओपी) पर था। उसी समय एक शक्तिशाली इंप्रोवाइज्ड एक्सपलोसिव डिवाइस (आईईडी) से एक अज्ञात उग्रवादी संगठन ने घात लगाकर उन पर हमला किया।
यह हमला उस समय किया गया जब यह काफिला पारालांग और चारोंग गांवों के बीच में एक स्थान पहुंचा। अधिकारी ने बताया कि सेना ने घायल जवानों को इलाज के लिए ले जाने के लिए हवाई सेवा ली गयी है। उन्होंने बताया कि उग्रवादियों को पकड़ने के लिए सुरक्षा बल का दस्ता घटनास्थल के लिए रवाना हो गया है।
स्रोत : प्रभात खबर








