सीरिया (दमिश्क) : आईएसआईएस आतंकियों ने सीरिया के पालमीरा शहर में भीड़ के सामने २० लोगों की हत्या कर दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार, यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज साइट्स में शामिल रोमन थिएटर में इन लोगों को मौत के घाट उतारा गया। सीरियन ऑब्जर्वेट्री फॉर ह्यूमन राइट्स के प्रमुख रमी अब्देल रहमान के मुताबिक, इस्लामिक स्टेट आतंकियों ने थिएटर में २० लोगों को इकट्ठा कर उन्हें गोली मार दी। आतंकियों का आरोप था कि ये सभी लोग सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल असद की सेना के वफादार थे। रमी अब्देल रहमान ने बताया, “हत्या से पहले आईएसआईएस ने ऐतिहासिक थिएटर में दर्जनों स्थानीय लोगों को इकट्ठा किया, ताकि उनके मन में डर पैदा किया जा सके।”
बीते दिनों आतंकियों ने पालमीरा शहर में ही ४०० से ज्यादा लोगों की हत्या कर दी थी। इन्हें भी बशर सरकार का वफादार होने के आरोप में मारा गया था। इस २००० साल पुराने ऐतिहासिक शहर पर इस्लामिक स्टेट ने २१ मई को कब्जा कर लिया था। आतंकी इस ऐतिहासिक शहर की कई बेशकीमती और प्राचीन इमारतों को डायनामाइट और हथौड़ों से नुकसान पहुंचा रहे हैं।
स्रोत :भास्कर








