Menu Close

इराकी शहर रामादी पर आईएस का नियंत्रण, ५०० से ज्यादा लोगों का कत्ल

isis_bagdagबगदाद : प्रमुख इराकी शहर रमादी पर आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने कब्जा कर लिया है। रविवार को हुए जबरदस्त संघर्ष के बाद आतंकियों ने शहर के पश्चिम में बने मिलिट्री बेस से सैनिकों को खदेड़ दिया। इस हमले में ५०० से अधिक नागरिक और सैन्य कर्मी मारे गए हैं। शहर के मेयर और उच्च सुरक्षा अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।

इराक के अनबर प्रांत के गर्वनर के प्रवक्ता मुहन्नद हैमूर ने सोमवार को बताया कि लगभग आठ हजार लोग शहर छोड़कर भाग चुके हैं। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र द्वारी आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल में हिंसक संघर्ष के कारण १,१४,००० लोग पलायन को मजबूर हुए थे। वहीं, स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक आईएस लड़ाकों ने इराकी सैनिकों समेत बड़ी संख्या में नागरिकों का भी कत्ल किया।

रमादी के मेयर दलफ अल-कुबैसी और एक उच्च सुरक्षा अधिकारी ने सीएनएन को बताया कि आईएसआईएस आतंकियों ने रविवार सुबह शहर में कई कार बम धमाके किए। बम धमाकों के कारण वहां तैनात इराकी सिक्युरिटी फोर्सेज और कबीलाई लड़ाकों को शहर के पूर्वी हिस्सों की तरफ भागना पड़ा। हालांकि, इराकी और अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि रमादी में सेना और आतंकियों के बीच लड़ाई जारी है। ताजा खबरों के अनुसार, इराकी सिक्युरिटी फोर्स की मदद के लिए सोमवार को सैकड़ों शिया मिलिशिया लड़ाके रमादी पहुंचे हैं।

बगदाद से करीब ११० किलोमीटर दूर स्थित रमादी, अल-अनबर प्रांत की राजधानी है। सुन्नी आतंकियों के गढ़ माने जाने वाले इस शहर में पिछले कई महीनों से अमेरिकी नेतृत्व वाली गठबंधन सेना और आतंकियों के बीच संघर्ष चल रहा है। रमादी, पश्चिमी इराक का सबसे बड़ा शहर है, जो कि इराकी आर्मी हेडक्वार्टर से कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। गौरलतब है कि आईएसआईएस आतंकियों ने इस साल मार्च में आर्मी हेडक्वार्टर को विस्फोट करके नष्ट कर दिया था।

आईएसआईएस ने पिछले साल इस शहर के कई हिस्सों पर कब्जा कर लिया था। रमादी के अधिकारी पिछले काफी समय से अमेरिकी नेतृत्व वाली सेना और इराकी सरकार को आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने की अपील कर रहे थे।

अनबर गवर्नर के प्रवक्ता मोहन्नद हैमूर के अनुसार, ताजा हिंसा में यहां ५०० से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। रविवार को हुई ताजा हिंसा और संघर्ष के बाद करीब ८००० लोग शहर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जा चुके हैं। हालांकि, आतंकियों के नियंत्रण के बाद भी कई लोग शहर में फंसे हुए हैं। हालांकि, आईएसआईएस रमादी पर नियंत्रण की घोषणा कर चुका है, लेकिन इराकी फेडरल पुलिस ने स्टेटमेंट जारी कर जल्द ही शहर से कब्जा छुड़ाए जाने की बात कही है। पुलिस के अनुसार, आतंकियों को भगाने के लिए हथियारों और गोला-बारूद से लैस बड़ी फोर्स अनबर प्रांत में भेजी जा रही है।

स्त्रोत: जागरण

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *