Menu Close

कश्मीर में धमकी भरे पोस्टर, वापस जाएं टेलीकॉम कंपनियां

उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में आतंकी संगठन लश्कर-ए-इस्लाम द्वारा धमकी भरे पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में टेलीकॉम कंपनियों को सोपोर से अपने कारोबार समेटने को कहा गया है।

वहीं सोपोर में करीब दो सप्ताह से अधिक समय से टेलीकॉम कंपनियों के आउटलेट बंद पड़े हैं। इतना ही नहीं पोस्टरों पर उन लोगों को भी धमकी दी गई है जिन्होंने अपनी जमीन पर मोबाइल टावर लगवाए हुए हैं।

उनसे कहा गया कि वह जल्द इन टॉवरों को हटवाएं नहीं तो अंजाम ठीक नहीं होगा। इसके अलावा उन्होंने इलाके में टॉप आतंकी कमांडरों के मारे जाने और कई की गिरफ्तारी का जिम्मेदार भी मोबाइल कंपनियों को ठहराया गया है।

सात दिनों के भीतर रिचार्ज करना बंद करें

सोपोर के मुख्य चौक और रहीम साहिब इलाकों में लगे इन पोस्टरों में साफ अक्षरों में लिखा गया है कि हम इन मोबाइल कंपनियों को चेतावनी देते हैं कि इलाके में अपनी नेटवर्किंग बंद करें, अपने दफ्तरों को भी बंद करें और रिचार्ज करना भी बंद करें।

इसके अलावा हम रिटेल शॉप वालों को भी चेतावनी देते हैं कि सात दिनों के भीतर रिचार्ज करना बंद करें नहीं तो वह खुद जिम्मेदार होंगे। जिनके घरों में टॉवर लगे हैं अगर उन्होंने नहीं हटवाए तो उन्हें गोली मार दी जाएगी।

पोस्टरों पर सैफुल्लाह नामी शख्स की ओर से धमकी दी गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पोस्टर इलाके में शनिवार शाम को देखे गए। जब रहीम साहिब इलाके से सेना और एसओजी की पेट्रोलिंग पार्टी गुजरी तो उन्होंने पोस्टर अपने कब्जे में ले लिए।

स्त्रोत : अमर उजाला

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *