Menu Close

रवीना ने सलमान खान के लिए कहा, ‘जो जैसा करेगा वैसा भुगतेगा’

हिट ऐंड रन केस में सलमान पर आए फैसले के बाद उनके साथ कई फिल्मों में काम कर चुकीं को-ऐक्ट्रेस रवीना टंडन अलग ही तेवर में नज़र आईं। जहां लगभग पूरा बॉलिवुड चाहता था कि सलमान को कोर्ट से माफी मिल जाए, वहीं रवीना टंडन ने उन्हें मिली सजा का समर्थन किया है।

मिली खबर के मुताबिक, जब एक कार्यक्रम के दौरान रवीना से सलमान पर हुए इस फैसले के बारे में पूछा गया तो रवीना ने साफ-साफ कह डाला, ‘जिसने जो कर्म किए हैं, उसे ऊपर वाला देख रहा है और वह उसे अपने आप भुगतेगा। हम कौन होते हैं आगे-पीछे कुछ बोलने वाले!’

पिछले दिनों अपने ट्वीट में रवीना ने यह भी कहा था, ‘यह ऐक्टर ऐसी बड़ी गलती कर बैठा जिसकी कीमत उसे इसी जिंदगी में चुकानी पड़ेगी। मैं कर्म में बहुत यकीन रखती हूं। उसके खून का प्यासा होने में कोई समझदारी नहीं है। ईश्वर और कानून को इंसाफ करने दें।’

गौरतलब है कि हिट ऐंड रन केस में पांच साल की सजा पाए बॉलिवुड ऐक्टर सलमान खान को बॉम्बे हाई कोर्ट ने बड़ी राहत देते हुए उनकी सजा पर रोक लगाते हुए जमानत दे दी है। सलमान की सजा पर अब आगे की सुनवाई जून में कोर्ट की गर्मियों की छुट्टियों खत्म होने के बाद होगी। सेशंस कोर्ट से आए फैसले के बाद सलमान के फैन्स के साथ-साथ लगभग पूरा का पूरा बॉलिवुड परिवार उनके साथ खड़ा नज़र आया, ऐसे में रवीना के इस कदर उखड़े बयान ने सबके सामने एक बड़ा सवाल खड़ा किया है।

बता दें कि कहीं प्यार न हो जाए, अंदाज अपना-अपना, पत्थर के फूल जैसी फिल्मों में सलमान खान के साथ काम कर चुकीं हैं रवीना टंडन।

स्त्रोत : नवभारत टाइम्स

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *