Menu Close

नर्इ देहली में बच्ची से बलात्कार मामले में २ साल में कोई गिरफ्तार नहीं

बलात्कार के आरोपी को पकडने में २ साल बाद भी नाकाम पुलिससे जनता अपनी रक्षा की अपेक्षा कैंसे करेगी ?

दिल्ली – दिल्ली हाई कोर्ट ने सात साल की बच्ची के साथ २०१३ में स्कूल में हुए कथित रेप से संबंधित मामले की जांच क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया है। हाई कोर्ट ने पुलिस की इस बात को लेकर खिंचाई की कि दो साल हो गए और अभी तक आरोपी का पता नहीं है।

हाई कोर्ट की चीफ जस्टिस जी. रोहिणी और जस्टिस आर. एस. एंडलॉ की बेंच ने मामले को तब क्राइम ब्रांच के हवाले कर दिया, जब इलाके की पुलिस ने कोर्ट को बताया कि आरोपी का कोई अता-पता नहीं है और वह छानबीन के दौरान ट्रेस नहीं हो पा रहा है। आरोप के मुताबिक २८ फरवरी २०१३ को दूसरी क्लास की बच्ची के साथ मंगोलपुरी इलाके एमसीडी के एक स्कूल में लंच ब्रेक के दौरान रेप किया गया था। आरोपी ने उसे धमकी दी थी कि अगर उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। बच्ची जब घर पहुंची तो उसने घटना के बारे में अपनी मां को बताया और फिर पुलिस के सामने शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस ने बच्ची की मदद से आरोपी के स्केच बनाए थे, लेकिन इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई क्योंकि बच्ची आरोपी को पहचान नहीं पाई थी। हाई कोर्ट में अर्जी दाखिल कर बताया गया कि अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। हाई कोर्ट ने पुलिस की इस बात को लेकर खिंचाई की कि दो साल हो गए, लेकिन अभी तक पुलिस आरोपी को पकड़ नहीं पाई, यह आश्चर्यजनक है। यह कैसे संभव है कि ७ साल की बच्ची के साथ रेप होता है और पुलिस को अभी तक आरोपी का पता तक नहीं है। अदालत ने पुलिस से कहा कि रेप कोई भी कर सकता है, टीचर हो सकते हैं, कोई स्टाफ हो सकता है या फिर स्कूल की मिलीभगत हो सकती है। यह रेप राह चलते नहीं हुआ है कि किसी ने उठाया और रेप किया बल्कि स्कूल में हुआ है।

पुलिस के स्टेटस रिपोर्ट पर नाखुशी जाहिर करते हुए कोर्ट ने मामले की छानबीन क्राइम ब्रांच के हवाले कर दिया। इस मामले में बच्ची की मां ने दिल्ली हाई कोर्ट को लेटर लिखकर कहा था कि उनकी बेटी के साथ हुए रेप के मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई जबकि घटना को दो साल हो गए। इसके बाद हाई कोर्ट ने मामले में संज्ञान लिया और पुलिस से रिपोर्ट पेश करने को कहा था।

स्त्रोत : नवभारत टाइम्स

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *