Menu Close

गुजरात में पाकिस्तानी जहाज पकडा, ६०० करोड की हेरोइन जब्‍त

अहमदाबाद – गुजरात के पोरबंदर तट के पास भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना ने संयुक्त कार्रवाई कर एक पाकिस्तानी जहाज को पकड़ा है। उस पर आठ लोग सवार हैं जिन पर तस्कर होने का संदेह हैं।

प्रारंभिक खबर के अनुसार इस जहाज पोरबंदर तट से १४५ किलोमीटर दूर है। जहाज पर सवार लोगों के पास से तीन सेटेलाइट फोन मिले हैं। जहाज से ६०० करोड़ रुपये की हेरोइन भी बरामद की गई है।

रक्षा सूत्रों ने बताया कि इस जहाज का इस्तेमाल तस्करी के लिए होने का संदेह है। इस साल की शुरुआत में एक संदिग्ध पाकिस्तानी जहाज को जब तटरक्षक बल और नौसेना ने इसी तरह घेरा था तो जहाज पर सवार संदिग्ध आतंकियों ने उसे विस्फोट कर उड़ा दिया था। पिछली बार और इस बार में अंतर यही है कि नौसेना और तटरक्षक बल के जहाजों को देखते ही इस बार जहाज पर सवार लोगों ने समर्पण कर दिया।

जहाज से पकड़े गए लोगों को पूछताछ के लिए पोरबंदर लाया जा रहा है। इन लोगों के आतंकी गतिविधियों में संलिप्त होने के बारे में छानबीन की जानी है। दो दिन पहले ही नौसेना को खुफिया जानकारी मिली थी कि पाकिस्तान से संदिग्ध जहाज गुजरात के पास भारतीय जल सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा है। उसी सूचना के बाद यह कार्रवाई की गई है।

स्त्रोत : जागरण

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *