Menu Close

त्रिलोकपुरी में फिर सांप्रदायिक दंगा, पुलिस बल तैनात

वैशाख शुक्लपक्ष  २ , कलियुग वर्ष ५११७

नई दिल्ली – त्रिलोकपुरी इलाके में शनिवार देर रात एक बार फिर सांप्रदायिक दंगा भड़क गया। दो समुदायों के युवकों के बीच किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। खबर लिखे जाने तक क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया था और तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे दो समुदायों के युवकों में किसी बात पर विवाद हो गया। इसके बाद एक समुदाय के युवक ने कुछ अन्य लोगों को बुला लिया। तभी दूसरे समुदाय से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। इस दौरान दोनों गुटों में मामूली झड़प हुई जो बाद में मारपीट में बदल गई और दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। इसके बाद किसी ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी।

अमन कमेटी के सदस्य अख्तर हुसैन ने बताया कि रात में उन्हें पथराव की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो ब्लॉक नंबर २६ व २७ के बीच दो गुटों में एक-दूसरे पर पत्थर फेंके जा रहे थे। लोगों को समझाने की कोशिश की गई लेकिन लोगों के न मानने पर पुलिस को बुलाया गया, तब तक करीब २० मिनट तक पथराव का दौर चलता रहा।

गौरतलब है कि त्रिलोकपुरी के ब्लॉक नंबर २७ में पिछले साल दीपावली से एक दिन पूर्व २३ अक्टूबर को दो समुदायों के बीच भीषण दंगा भड़क गया था। इसके बाद लगातार रुक-रुक कर पत्थरबाजी होती रही थी और तकरीबन एक माह तक अघोषित कर्फ्यू चला था। लोगों को अपने घरों में कैद होना पड़ा था। लंबे अंतराल के बाद हालात सामान्य हो पाए थे। इसके बाद आपसी प्रेम एवं सद्भाव का संदेश देते हुए कई संस्थाओं ने यहां रैलियां निकालीं थीं। मगर अब फिर दंगा भड़कने से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वे सभी प्रयास विफल साबित हो रहे हैं।

फिलहाल, यहां दोबारा दंगा होने से पुलिस की नींद उड़ गई है। पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है।

स्त्रोत : जागरण

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *