Menu Close

वैंकूवर में बोले पीएम मोदी- हिन्दुवाद धर्म नहीं, बल्कि जीवन जीने की शैली है

वैशाख कृष्णपक्ष १३/१४, कलियुग वर्ष ५११७

वैंकूवर – कनाडा की तीन दिन की यात्रा के अंतिम पड़ाव पर शुक्रवार सुबह भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैंकूवर पहुंचे जहां उन्होंने गुरुद्वारा खालसा दीवान में मत्था टेका एवं लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा-अर्चना की। मोदी के साथ कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर भी साथ थे। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए।

लक्ष्मी नारायण मंदिर में पीएम मोदी ने भारतीयों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदुवाद धर्म नहीं बल्कि एक जीवनशैली है। प्रधानमंत्री ने हिंदू धर्म के जरिए मानवता के लिए काम करने की जरूरत जतायी। मोदी ने कहा कि भारत की सर्वोच्च अदालत ने हिंदू धर्म की बड़ी सुंदर परिभाषा दी है। कोर्ट ने कहा है कि हिंदू धर्म कोई धर्म नहीं है, बल्कि एक जीवनशैली है, मैं समझता हूं कि उच्चतम न्यायालय की परिभाषा रास्ता दिखाती है। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म ने वैज्ञानिक जीवन पद्धति के जरिए वन्यजीवों समेत प्रकृति के लाभ के लिए काम किया है। उन्होंने कहा, यह जीवन की छोटी समस्याओं के समाधान का रास्ता दिखा सकता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आपसे मेरा खून का रिश्ता है, भगवान ने हमें मौका दिया है मानवता की सेवा करने का। गुरुनानक ने कहा है कि कर्मभूमि में फल के लिए संघर्ष सबको करना पड़ता है रब सिर्फ लकीर देता है, रंग हमें ही भरना पड़ता है। मोदी ने इस मौके पर भगत सिंह को याद करते हुए कहा, ‘उन्होंने युवाओं को आजादी के लिए प्रेरित किया। अगर कनाडा भारत को सम्मान देता है तो इसका एक बड़ा कारण यहां रहने वाले भारतीय हैं। कनाडा के प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर ने भी भारत का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि इतने लंबे समय तक हम पर विश्वास बनाये रखने के लिए धन्यवाद।

मोदी ने यहां रह रहे भारतीयों से कहा कि वे विश्व में रहने वाले भाई-बहनों को वैज्ञानिक तरीके से अपने जीवन-पद्धति से परिचित कराएं और भारत की छवि उनमें उतारें। योग दिवस का जिक्र करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि 21 जून को पूरे विश्‍व में योग दिवस मनाया जाएगा जिसके लिए उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के अपने पहले संबोधन में योग दिवस मनाने का आग्रह किया था।

उन्होंने कहा कि भारत योग गुरु है जिसका अविष्कार हमारे ऋषियों-मुनियों ने किया था। यह हमारे स्वास्थ्य पर अच्छा प्रभाव डालता है। संयुक्त राष्ट्र ने मोदी के आग्रह पर 125 दिन के अंदर ही प्रस्ताव पारित कर दिया और 177 देश इसके सहभागी बने। मोदी ने कहा कि खुशी की बात यह है कि कनाडा भी उन सहभागी देशों में से एक है।

स्त्रोत : झी न्यूज

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *