Menu Close

तलाकशुदा मुस्लिम महिला को भी गुजारा-भत्ता

नई दिल्ली : तलाकशुदा मुस्लिम महिला को सामान्य कानून के तहत पति से गुजारा-भत्ता लेने के अधिकार पर सुप्रीमकोर्ट ने एक बार फिर अपनी मुहर लगा दी है। कोर्ट के आदेश से तलाकशुदा मुस्लिम महिला को ४००० रुपये प्रतिमाह गुजारा-भत्ता मिलेगा। सुप्रीमकोर्ट ने तलाकशुदा मुस्लिम पत्नी को सीआरपीसी की धारा १२५ के तहत गुजाराभत्ता देने के परिवार अदालत के आदेश को सही ठहराया है। कोर्ट ने गुजारेभत्ते की रकम घटाने का हाईकोर्ट का आदेश निरस्त कर दिया है।

ये फैसला न्यायमूर्ति दीपक मिश्रा व न्यायमूर्ति पीसी पंत की पीठ ने उत्तर प्रदेश की रहने वाली शमीमा फारुकी की याचिका स्वीकार करते हुए सुनाया है। हालांकि इस मामले में सुप्रीमकोर्ट के नोटिस के बावजूद पति की ओर से कोई पेश नहीं हुआ था। सुप्रीमकोर्ट ने फैसले में बदलते समय के साथ नारी अधिकार और नारी स्वतंत्रता का जिक्र करते हुए कहा है कि अब पुरुषवादी मानसिकता का कोई औचित्य नहीं रह गया है।

कोर्ट ने तलाकशुदा मुस्लिम महिला को सीआरपीसी की धारा १२५ के तहत पति से गुजारा-भत्ता दिलाए जाने के अपने पूर्व फैसलों का हवाला देते हुए कहा है कि परिवार अदालत द्वारा इस धारा के तहत गुजारा-भत्ता दिये जाने का आदेश बिल्कुल सही है। इस मामले में परिवार अदालत ने शमीमा के पति शाहिद खान की ये दलील खारिज कर दी थी कि मुस्लिम महिला सीआरपीसी की धारा १२५ के तहत गुजारा-भत्ता नहीं मांग सकती। परिवार अदालत ने कहा था कि मुस्लिम महिला तलाक के बाद भी धारा १२५ के तहत परिवार अदालत में गुजारे भत्ते के लिए अर्जी दे सकती है।

परिवार अदालत ने सेना में नौकरी करने वाले शाहिद खान की मासिक आय को देखते हुए ४००० रुपये प्रतिमाह गुजारा भत्ता देने का आदेश दिया था। कहा था कि जबतक पत्नी दोबारा शादी नहीं करती उसे गुजारा भत्ता दिया जाता रहेगा। परिवार अदालत ने याचिका दाखिल करने की तिथि से फैसला सुनाए जाने की तिथि तक का २५०० रुपए प्रतिमाह अलग से अदा करने का आदेश दिया था। फैसले से नाखुश शाहिद ने हाईकोर्ट में अपील की और शाहिद के सेवानिवृत हो जाने के आधार पर हाईकोर्ट ने गुजारे भत्ते की घटा कर २००० रुपये प्रतिमाह कर दी थी। हालांकि २५०० रुपये प्रतिमाह एरियर के आदेश में कोई बदलाव नहीं किया था। हाईकोर्ट के फैसले के खिलाफ शमीमा सुप्रीमकोर्ट आयी थी।

सुप्रीमकोर्ट ने हाईकोर्ट का आदेश निरस्त करते हुए कहा कि पत्नी का भरण पोषण करना पति का दायित्व है। अगर पति कमाने लायक है तो आर्थिक रूप से असमर्थ होने का बहाना बना कर अपनी जिम्मेदारी ने नहीं बच सकता। इस आरोप को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता कि पति ने गुजारे भत्ते की जिम्मेदारी से बचने के लिए परिवार अदालत के फैसले के बाद स्वैच्छिक सेवानिवृति ले ली थी।

क्या है मामला

उत्तर प्रदेश की रहने वाली शमीमा फारुकी की २६ अप्रैल १९९२ को शाहिद खान से शादी हुई थी। शमीमा का आरोप था कि शाहिद शादी के बाद उसे अन्य लोगों से बात नहीं करने देता था। उसे न सिर्फ प्रताडि़त किया जाता था बल्कि उसके परिवार से कार की भी मांग की जाती थी। प्रताड़ना से परेशान होकर वह मायके आ गई। १९९८ में उसने परिवार अदालत मे अर्जी देकर धारा १२५ में पति से गुजारा भत्ता दिलाने की मांग की। पति ने आरोपों से इन्कार करते हुए कहा कि वह उसे तलाक दे चुका है और मेहर भी अदा कर चुका है इसलिए धारा १२५ में गुजारे भत्ते की अर्जी नहीं सुनी जा सकती।

स्त्रोत : जागरण

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *