Menu Close

भारत से रिश्ते सुधारने के लिए पाक पर डाला दबाव : चीन

पाक पीएम नवाज शरीफ और भारत में चीन के राजदूत ली

नई दिल्ली  : चीन ने दावा किया है कि वह भारत के साथ संबंध सुधारने के लिए पाकिस्तान पर दबाव डाल रहा है। इसके साथ ही चीन ने पाकिस्तान के साथ संबंध बेहतर करने की भारत की कोशिशों पर भी संतुष्टि जताई है। चीन की ओर से इस तरह का यह पहला बयान आया है। चीन पर पिछले कई दशकों से आरोप लगता रहा है कि वह भारत को एक दायरे में सीमित रखने की अपनी स्ट्रैटिजी के तौर पर पाकिस्तान की मदद करता है और दक्षिण एशिया में अपनी ताकत बढ़ाना चाहता है।

भारत में चीन के राजदूत ली युचेंग ने भारत-चीन संबंधों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मई के मध्य में चीन की यात्रा से पहले स्थितियों को लेकर इकनॉमिक टाइम्स से कहा, ‘भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव कम करने के लिए बातचीत शुरू हुई है। यह आसान काम नहीं है, लेकिन हम भारत की पाकिस्तान के साथ संबंध सुधारने की कोशिशों को लेकर प्रशंसा करते हैं। भारत के साथ बेहतर संबंधों के लिए पाकिस्तान पर चीन दबाव डाल रहा है।’

ली का सुझाव है कि पाकिस्तान पर चीन के दबाव के साथ ही भारत को भी पड़ोसी देश के साथ रिश्ते सुधारने की कोशिशें करनी चाहिए। पाकिस्तानी सूत्रों ने भी भारत के साथ रिश्ते सुधारने के लिए चीन के दबाव का संकेत दिया है। चीनी राजदूत का यह बयान 23 मार्च को नई दिल्ली में होने वाले साइनो-इंडियन स्पेशल रिप्रेजेंटेटिव (एसआर) डायलॉग से पहले आया है। इसमें सीमा विवाद के साथ ही क्षेत्रीय स्थिति पर भी बात की जाएगी।

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सुरक्षा स्थिति खराब होने की वजह से पिछले वर्ष भारत आने से पहले अपना पाकिस्तान दौरा टाल दिया था। अब वह जल्द ही पाकिस्तान जा सकते हैं। चीन पाकिस्तान में आतंकवाद के बढ़ते दायरे से भी परेशान है जो उसके शिनजिआंग क्षेत्र तक पहुंचने के साथ ही उसके नागरिकों को भी निशाना बना रहा है।

चीन ने कई मौकों पर पाकिस्तान को अपना सदाबहार दोस्त बताया है और वह कई प्रोजेक्ट्स के लिए उसे मदद भी दे रहा है। चाइना पाकिस्तान इकनॉमिक कॉरिडोर (सीपीईसी) चीन के सिल्क रोड का हिस्सा है जो चीन से लेकर साउथ और सेंट्रल एशिया तक जाएगा। सीपीईसी में रेल, रोड, पाइपलाइंस और पोर्ट्स जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर बनाए जाएंगे, जिससे पाकिस्तान में एनर्जी की कमी को दूर करने और इनवेस्टमेंट बढ़ाने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा चीन ने पाकिस्तान के साथ इस्लामाबाद को चीन की सीमाओं से जोड़ने वाली फाइबर ऑप्टिक केबल पाइपलाइन बिछाने के लिए भी एग्रीमेंट किया है। चीन कराची में नया न्यूक्लियर पावर प्लांट भी बनाने जा रहा है। पाकिस्तान को चीन लंबे समय से हथियारों की सप्लाई करने के साथ ही न्यूक्लियर रिएक्टर्स बनाने में भी मदद कर रहा है।

स्त्रोत : नवभारत टाइम्स

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *