Menu Close

सीरिया : कमजोर पड़ा इस्लामिक स्टेट, कुर्द लड़ाकों ने कब्जे से आजाद कराया शहर

माघ शुक्ल पक्ष नवमी, कलियुग वर्ष ५११६

कोबानी : कुर्दिश लड़ाकों ने चार महीने की भीषण लड़ाई के बाद सीरियाई शहर कोबानी को इस्लामिक स्टेट के कब्जे से छुड़ा लिया। एक पर्यवेक्षक समूह और सीरिया के सरकारी मीडिया ने इसकी जानकारी दी। हालांकि, वॉशिंगटन ने इसकी पुष्टि नहीं की है और कहा कि चार महीने से चल रहा युद्ध अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।

कुर्द लड़ाकों ने इस्लामिक स्टेट के कब्जे वाली पहाड़ी पर अपना झंडा फहरा दिया। शहर की सड़कों पर हवाई फायर करके युद्ध जीतने का जश्न मनाया गया। खबरों के अनुसार, कोबानी की सड़कों पर महिला व पुरुष कुर्द लड़ाकों ने यूनिफॉर्म पहनकर सड़कों पर डांस किया। इसके अलावा तुर्की में कुर्द बहुलता वाले इलाकों में जबर्दस्त जश्न मनाया जा रहा है।

पिछले साल किया था कब्जा….

गौरतलब है कि पिछले साल इस्लामिक स्टेट के लड़ाकों ने भारी हथियारों के जरिए इस कुर्दिश शहर पर कब्जा कर लिया था और हजारों की संख्या में स्थानीय लोगों को घर छोड़ने पर मजबूर कर दिया था।

ब्रिटेन स्थित सीरियन ऑब्जर्वेट्री फॉर ह्यूमन राइट्स ने बताया कि सीरियन कुर्दिश पीपुल्स प्रोटेक्शन यूनिट ने कोबानी से इस्लामिक स्टेट लड़ाकों को खदेड़ दिया है। कुर्दिश लड़ाके सगजता से शहर के बाहर स्थित पूर्वी इलाकों की ओर बढ़ रहे हैं। इन जगहों पर इस्लामिक स्टेट ने जमीन में माइन्स बिछा रखी हैं, जो कुर्द लड़ाकों के लिए खतरनाक हो सकती हैं। सैकड़ों शरणार्थियों के साथ तुर्क बॉर्डर के पास रह रहे एक तुर्किश कुर्द तेफिक कनत ने बताया, “मैं कोबानी पर कुर्दिश झंडा फहरता हुआ देख सकता हूं। लोग नाच-गा रहे हैं और शहर में पटाखे फोड़े जा रहे हैं।”

यह खतरा भी…

इस्लामिक स्टेट के सैकड़ों लड़ाके अब भी कोबानी के बाहरी इलाकों में मौजूद हैं। इस्लामिक स्टेट ने सोमवार को अपने समर्थकों से युद्ध जारी रखने की अपील की। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने कहा वे कोबानी पर कुर्दिश कब्जे का दावा नहीं कर सकते, लेकिन यह तय है कि कुर्द मजबूत स्थिति में हैं। यूएस सेंट्रल कमांड ने एक स्टेटमेंट में बताया कि एंटी-इस्लामिक स्टेट फोर्सेस ने कोबानी के ९० प्रतिशत क्षेत्र पर कब्जा कर लिया है।

स्त्रोत : दैनिक भास्कर

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *