Menu Close

जर्मनी ने आतंकवादी हमले के चलते इस्लाम विरोधी रैली पर रोक लगाई

माघ अमावस्या, कलियुग वर्ष ५११६

बर्लिन : जर्मनी ने ड्रेसडेन में इस्लाम विरोधी संगठन पेगीडा की एक रैली पर यह कहकर प्रतिबंध लगा दिया है कि इस बात की ‘ठोस’ सूचना मिली है कि इस्लामी आतंकवादी इस पर हमला करने की योजना बना रहे हैं। संघीय और राज्य पुलिस एजेंसियों को सूचना मिली है कि कट्टरपंथी प्रदर्शनकारियों में घुल-मिल कर दक्षिणपंथी इस्लामविरोधी संगठन पैट्रियोटिक यूरोपियन्स अगेंस्ट इस्लामाइजेशन ऑफ वेस्ट (पेगीडा) के किसी नेता पर हमला करने की योजना बना रहे हैं।

पेगीडा ड्रेसडेन में सितंबर से ही रैलियां कर रहा है। ड्रेसडेन के पुलिस कमिश्नर डिएटर क्रोल ने रविवार को कहा, ‘स्थिति के अपने आकलन में हमारा मानना है कि आतंकी हमले का ठोस खतरा है।’ क्रोल ने एक बयान में कहा कि अधिकारियों को मिली सूचनाओं से संकेत मिलता है कि पेगीडा के नेताओं में से एक और उसके निकट के लोगों को आतंकी हमले का निशाना बनाया जा सकता है।

बहरहाल, पुलिस कमिश्नर ने कहा कि संदिग्ध आतंकवादी या हमले की प्रकृति के बारे में कोई ठोस सूचना नहीं है। जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल और अन्य नेताओं ने लोगों से पेगीडा की रैलियों में शामिल नहीं होने की अपील की है। इसके बावजूद उसकी इन इस्लाम विरोधी रैलियों में अनेक लोग शामिल हो रहे हैं। इन रैलियों में दूसरे देशों से आने वाले लोगों को शरण देने की नीति का भी विरोध किया जा रहा है। पुलिस का आकलन है कि पिछले सोमवार को २५००० लोग शामिल हुए थे।

पेगीडा के नेता आज की रैली में उससे ज्यादा तादाद में लोगों के शामिल होने की उम्मीद कर रहे थे। पुलिस के अनुसार एक ट्विटर अकाउंट से संदिग्ध हमलावरों को अरबी भाषा में भेजे गए संदेश में कहा गया है, ‘वे पेगीडा प्रदर्शनों के आयोजकों में से एक पर हमला संचालित करने के लिए प्रदर्शनकारियों में घुल-मिल जाएं।’ जर्मनी में पेगीडा के इस्लाम विरोध के खिलाफ कुछ जर्मन लोग आंदोलनरत हैं। उन्होंने पेगीडा की रैली के खिलाफ अपनी रैली की योजना बनाई थी। इस रैली पर भी रोक लगा दी गई।

स्त्रोत : नवभारत टाईम्स

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *