वारकरियों की स्वागत सेवा में २५ से अधिक धर्मप्रेमियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता

हडपसर (पुणे) – हिंदू जनजागृति समिति एवं महाराष्ट्र मंदिर महासंघ की ओर से वडकी नाका, हडपसर में संतश्रेष्ठ ज्ञानेश्वर माऊली की पालकी का भावपूर्ण स्वागत किया गया। इस अवसर पर पालकी के साथ चल रहे वारकरियों के स्वागत हेतु भक्तिभाव से सेवा उपक्रम भी आयोजित किया गया। श्री देशमुख महाराज फाउंडेशन, पुणे के सहयोग से स्वागत कक्ष की व्यवस्था की गई।
११ जुलाई की प्रातःकाल से ही हिंदू जनजागृति समिति के कार्यकर्ता, महाराष्ट्र मंदिर महासंघ के प्रतिनिधि तथा सियाराम मंदिर शाखा के धर्मप्रेमी स्वागत सेवा में सक्रिय रहे। इस सेवा में कुल २५ से अधिक धर्मप्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। स्वागत कक्ष में पूज्य गुरुदास श्री देशमुख महाराज की वंदनीय उपस्थिति भी प्राप्त हुई।

पालकी मार्ग से गुजर रहे वारकरियों का पुष्पवर्षा, जयघोष एवं अखंड नामस्मरण के मंगलमय वातावरण में स्वागत किया गया। हिंदू जनजागृति समिति के महादेववाड़ी स्थित धर्मशिक्षण वर्ग के धर्मप्रेमियों तथा सिंहगढ़ रोड क्षेत्र के हिंदुत्वनिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भी इस स्वागत सेवा में सहभाग लिया। सियाराम मंदिर शाखा के धर्मप्रेमियों ने आयोजन के सुचारु नियोजन हेतु विशेष परिश्रम किए।
संतश्रेष्ठ ज्ञानेश्वर माऊली की पालकी के आगमन पर सभी कार्यकर्ताओं ने पालकी पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धापूर्वक वंदन किया। इस संपूर्ण सेवा उपक्रम में श्री देशमुख महाराज फाउंडेशन के साधक परिवार का भी सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ।








