Menu Close

क्रांतिदिन पर ओल्ड गोवा के ऐतिहासिक ‘हात कातरो खांब’ स्मारक पर हिन्दू जनजागृति समिति ने हुतात्माओं को दी श्रद्धांजलि

पणजी – क्रांतिदिन के अवसर पर हिन्दू जनजागृति समिति ने पुराने गोवा स्थित ऐतिहासिक ‘हात कातरो खांबा’ स्थल पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पुर्तगाली शासनकाल में गोवा के हिन्दुओं पर हुए अमानवीय अत्याचारों की आज ‘हात कातरो खांबा’ ही एकमात्र जीवंत साक्षी है, जो ‘गोवा इन्क्विज़िशन’ की क्रूरता का स्मरण कराती है। इस अवसर पर ‘श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति लड़ाई’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शंकर वराडकर, गोमंतक मंदिर महासंघ के सचिव श्री जयेश थळी, हिन्दू जनजागृति समिति के गोवा राज्य संयोजक श्री सत्यविजय नाईक, दिवाडी स्थित सेंट अलुसियस हाईस्कूल एवं श्री सरस्वती विद्यालय के प्राध्यापक, शिक्षक तथा विद्यार्थी उपस्थित थे।

कार्यक्रम में उपस्थित मान्यवरों ने ऐतिहासिक ‘हात कातरो खांबा’ पर पुष्पहार अर्पित कर पुर्तगाली आक्रमणकारियों के विरुद्ध संघर्ष करने वाले ज्ञात-अज्ञात शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने हाथों में फलक लेकर देशभक्ति जागृत करने वाले नारे लगाए।

इस अवसर पर ‘श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति लड़ाई’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री शंकर वराडकर ने कहा, “आज हमारी संस्कृति, परंपराओं, मंदिरों और अस्मिता की रक्षा कर वैचारिक गुलामी को समाप्त करना ही इस युग का सच्चा संकल्प है।”

शिक्षक श्री शिवाजी उजरेकर ने कहा, “हमें प्राप्त स्वतंत्रता को सुरक्षित बनाए रखना और अपनी संस्कृति की रक्षा करना ही आज हमारा कर्तव्य है।”

गोमंतक मंदिर महासंघ के सचिव श्री जयेश थळी ने कहा, “हमारे पूर्वज संघर्षशील थे। इसी कारण उन्होंने अत्याचारी शासन के काल में भी हिन्दू संस्कृति को जीवित रखा। सभी को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।”

हिन्दू जनजागृति समिति के गोवा राज्य संयोजक श्री सत्यविजय नाईक ने कहा, “‘हात कातरो खांबा’ हिन्दुओं के स्वाभिमान और बलिदान का प्रतीक है। दुर्भाग्यवश आज इसके इतिहास को दबाकर इसका नाम बदलने का प्रयास किया जा रहा है। स्वाभिमानी हिन्दुओं को ऐसे प्रयासों को विफल करना चाहिए।”

Latest News