काँग्रेस के गिरीश चोडणकर और वॉरन आलेमाव की जांच
‘हिंदू एकता मंच’ की पणजी में हुई ‘आक्रोश सभा’ का परिणाम

पणजी – हिंदू देवताओं का उपहास करने वालों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग को लेकर राज्य की सभी हिंदुत्वनिष्ठ संगठनों ने ‘हिंदू एकता मंच’ के बैनर तले संगठित होकर 2 मई की शाम पणजी में ‘आक्रोश सभा’ का आयोजन किया था। इस सभा के माध्यम से चेतावनी दी गई थी कि यदि हिंदू देवताओं का उपहास करने वालों को तुरंत गिरफ्तार नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस आंदोलन के बाद सामाजिक कार्यकर्ता तथा अधिवक्ता गोविंद शिरोडकर के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है, जबकि म्हापसा पुलिस ने कांग्रेस नेता गिरीश चोडणकर को पुलिस थाने बुलाकर मामले की जांच शुरू की है। इसी प्रकार पणजी पुलिस ने नेता वॉरन आलेमाव को भी पुलिस थाने बुलाकर उनसे 2 घंटे पूछताछ की।
Sentiments hurt: Arrest Of Alemao, Shirodkar, Chodankar say protestors#SentimentsHurt #PanajiProtest #WarrenAlemao #GovindShirodkar #GirishChodankar #HinduSentiments #GoaPolice #ArrestDemand #GoaNews pic.twitter.com/rFcBkq6WaB
— In Goa 24×7 (@InGoa24x7) May 2, 2026
अधिवक्ता गोविंद शिरोडकर के खिलाफ म्हापसा में मामला दर्ज : जांच के लिए पुलिस थाने बुलाया
चिंबल के सामाजिक कार्यकर्ता तथा अधिवक्ता गोविंद शिरोडकर पर सोशल मीडिया पर प्रसारित एक भाषण के माध्यम से हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 और 299 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है और पुलिस ने अधिवक्ता गोविंद शिरोडकर को जांच के लिए नोटिस भी भेजा है। ‘ओल्ड गोवा के फ्रांसिस ज़ेवियर’ और गोमंतकीय लोगों का ‘डीएनए’ एक ही है’, ऐसा विवादास्पद बयान अधिवक्ता गोविंद शिरोडकर ने दिया था। इस मामले में खोर्ली, म्हापसा के सूजन नाईक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने अधिवक्ता गोविंद शिरोडकर को जांच के लिए पुलिस थाने बुलाया है।
Hindu premi Gathered at Police Headquarters in Panaji, Demand Action Over Religious Remarks#hindu #hurtful #sentiments #arrest #policehq #goa #panaji pic.twitter.com/DWnjdoEM1O
— Goa News Hub (@goanewshub) May 2, 2026
पणजी पुलिस द्वारा वॉरन आलेमाव से 2 घंटे पूछताछ : 4 मई को फिर से जांच के लिए बुलाया
वॉरन आलेमाव के खिलाफ सनातन धर्म का अपमान करने की शिकायत ‘करणी सेना’ के संतोष राजपूत ने पणजी पुलिस थाने में दर्ज कराई है। इस शिकायत के आधार पर पणजी पुलिस ने 2 मई को वॉरन आलेमाव के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने 3 मई को वॉरन आलेमाव को दोपहर में जांच के लिए बुलाया था। पुलिस ने उनसे लगभग 2 घंटे तक पूछताछ की। पूछताछ के दौरान वॉरन आलेमाव ने दावा किया कि उन्होंने सनातन धर्म के खिलाफ कोई बयान नहीं दिया है।
मैं सनातन धर्म का सम्मान करता हूं और धर्म का कोई भी राजनीतिक उपयोग न करे ! – वॉरन आलेमाव
वॉरन आलेमाव ने पुलिस से कहा, “मैं सनातन धर्म का सम्मान करता हूं और धर्म का कोई भी राजनीतिक उपयोग नहीं करना चाहिए। मेरे बयान के वीडियो में गलत जानकारी जोड़ी गई है। यह असली मुद्दे से लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास है। प्रसिद्ध हिंदुत्वनिष्ठ लेखक, पत्रकार और यूट्यूबर गौतम खट्टर के गोवा में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। इस मामले में मैं अग्रिम जमानत के लिए आवेदन नहीं करूंगा। गोवा के युवाओं को किसी की धार्मिक भावनाएं आहत करने वाले बयान नहीं देने चाहिए, ऐसा मैं आग्रह करता हूं। युवाओं को गोवा की शांति बनाए रखनी चाहिए और जिम्मेदारी से व्यवहार करना चाहिए।” पुलिस ने वॉरन आलेमाव को 4 मई को फिर से जांच के लिए बुलाया है।
म्हापसा पुलिस द्वारा कांग्रेस नेता गिरीश चोडणकर से 3 घंटे पूछताछ
कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष गिरीश चोडणकर पर आरोप है कि उन्होंने राजनीतिक लाभ के लिए एक ‘रील’ (वीडियो) बनाते समय ‘मा गंगा देवी आरती’ की धुन का उपयोग कर हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत कीं। इस मामले में ‘स्वराज्य गोमंतक संगठन’ ने 21 फरवरी 2026 को म्हापसा पुलिस थाने में गिरीश चोडणकर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। म्हापसा पुलिस ने 3 मई को उन्हें पुलिस थाने बुलाकर लगभग 3 घंटे तक गहन पूछताछ की। पूछताछ के बाद पत्रकारों से बात करते हुए गिरीश चोडणकर ने कहा, “पूरा मामला राजनीतिक रूप से प्रेरित है। सरकार के खिलाफ मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाने और मेरी आवाज दबाने के लिए मेरे खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वास्तव में मैंने ‘मांडवी नदी का कैसिनो के कारण प्रदूषण हो रहा है’, यह मुद्दा उठाने के लिए वीडियो प्रसारित किया था। इसमें कहीं भी ‘गंगा आरती’ या किसी धर्म का अपमान नहीं किया गया है। पुलिस ने मेरी बात सुने बिना ही मेरे खिलाफ प्रथम दृष्टया मामला दर्ज किया है। मैंने पुलिस जांच में पूरा सहयोग किया है और हर प्रश्न का विस्तार से उत्तर दिया है।”
वॉरन आलेमाव को अलग व्यवहार क्यों ? – विराज देसाई, गोवा विभाग संयोजक, बजरंग दल
पणजी – धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामले में यूट्यूबर गौतम खट्टर को पुलिस हिरासत में रखकर उनकी गहन पूछताछ की गई थी। वॉरन आलेमाव पर भी सनातन धर्म का अपमान करने, यानी धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप है। जब गौतम खट्टर और वॉरन आलेमाव पर आरोप एक जैसे हैं, तो फिर गौतम खट्टर की तुलना में वॉरन आलेमाव को अलग व्यवहार क्यों दिया जा रहा है? सनातन धर्म का अपमान कोई भी सहन नहीं करेगा। वॉरन आलेमाव के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ऐसी प्रतिक्रिया बजरंग दल के गोवा विभाग संयोजक विराज देसाई ने सोशल मीडिया के माध्यम से व्यक्त की है।
भगवान परशुराम का अपमान : वास्को में सेबी वाज के खिलाफ शिकायत
वास्को – ‘फेसबुक’ के माध्यम से भगवान परशुराम का अपमान कर हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत करने के मामले में वास्को पुलिस थाने में सेबी वाज के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। पुलिस ‘फेसबुक’ पर संबंधित जानकारी की जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी।








