
डिचोली – चेल्सिया रोड्रिग्स नामक एक ईसाई महिला द्वारा श्री लैराई देवी के ‘धोंड’ (व्रतधारी भक्तों) का सोशल मीडिया पर अपमान किए जाने के मामले में हिंदुत्वनिष्ठ कार्यकर्ताओं ने डिचोली और मुरगांव पुलिस थानों में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में कहा गया है कि, “चेल्सिया रोड्रिग्स ने श्री लैराई देवी के धोंडों द्वारा अग्निकुंड के चारों ओर नामजप करते हुए प्रदक्षिणा करने की पवित्र परंपरा को ‘मंकी डांस’ (बंदर नृत्य) कहकर संबोधित किया, जो अत्यंत अपमानजनक है और इससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। यह कृत्य जानबूझकर और द्वेषपूर्ण भावना से किया गया है, जिससे सामाजिक अशांति उत्पन्न हो सकती है।”
शिकायत में आगे मांग की गई है कि चेल्सिया रोड्रिग्स के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 295A, 153A, 505(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 67 के अंतर्गत कार्रवाई की जाए।
बताया गया कि चेल्सिया रोड्रिग्स ने श्री लैराई देवी के धोंडों की अग्निकुंड के चारों ओर प्रदक्षिणा करते हुए एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की थी और उसके नीचे “Stop this monkey dance” (यह बंदर नृत्य बंद करो) ऐसा लिखा था।
मुरगांव में भी दर्ज हुई शिकायत

मुरगांव – इसी मुद्दे पर मुरगांव तालुका के हिंदुत्वनिष्ठों ने भी मुरगांव पुलिस थाने में समस्त हिंदू समाज की ओर से शिकायत दर्ज कराई। मुरगांव के पुलिस उपाधीक्षक गुरुदास कदम ने शिकायत स्वीकार कर संबंधित लोगों से चर्चा की। इस दौरान बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी हिंदू उपस्थित थे।








