श्री महालक्ष्मी देवी मंदिर (कोल्हापुर) के संवर्धन कार्य में गंभीर खामियां

कोल्हापुर : साढ़े तीन शक्तिपीठों में से एक और करोड़ों श्रद्धालुओं के श्रद्धास्थान कोल्हापुर स्थित श्री महालक्ष्मी देवी मंदिर परिसर में गरुड़ मंडप, मणिकर्णिका कुंड और नगारखाना की मरम्मत और संवर्धन के लिए सरकार द्वारा 21 करोड़ 68 लाख 26 हजार 794 रुपये की निधि मंजूर की गई है। हालांकि, इस संवर्धन प्रक्रिया में राज्य पुरातत्व विभाग, पश्चिम महाराष्ट्र देवस्थान प्रबंधन समिति और जिला प्रशासन के कामकाज में कई गंभीर खामियां पाई गई हैं। हिंदू विधिज्ञ परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष अधिवक्ता वीरेंद्र इचलकरंजीकर ने राज्य के ‘विधि एवं न्याय विभाग’ के सचिव से लिखित मांग की है कि इस अनियमितता की गहन जांच की जाए और संबंधित लोगों पर जवाबदेही तय की जाए।
कार्य में तकनीकी और प्रशासनिक खामियां
गरुड़ मंडप के चल रहे काम में प्रशासनिक और तकनीकी स्तर पर भारी लापरवाही देखी गई है। इस मंडप के लिए लाए गए खंभों का माप गलत होने के कारण उन्हें तीन बार बदला गया। इस तकनीकी गलती के कारण समय की जो बर्बादी हुई है और जो अतिरिक्त खर्च हुआ है, उसकी आर्थिक जवाबदेही तय होना आवश्यक है। इसके अलावा, प्राचीन वास्तुकला के संरक्षण के लिए विशिष्ट शास्त्रीय विधियों का उपयोग अनिवार्य है, जबकि वास्तविक कार्य में ‘ग्राइंडर’ और ‘कटर’ जैसी आधुनिक मशीनों का उपयोग किया गया। स्थानीय भक्तों ने गंभीर आपत्ति जताई है कि इससे ऐतिहासिक मूर्तियों को नुकसान पहुंचा है। संवर्धन जैसे संवेदनशील कार्य में, वास्तविक कार्य शुरू होने के पूरे 10 महीने बाद काम की निगरानी के लिए एक विशेषज्ञ अधिकारी की नियुक्ति की गई, इस देरी पर भी संदेह पैदा होता है।
पुरातत्व विभाग और प्रशासन की भूमिका पर प्रश्नचिह्न
पुणे स्थित पुरातत्व विभाग के सहायक निदेशक ने 24 नवंबर 2023 को इस कार्य का लेआउट मंजूर किया था। जबकि यह अनिवार्य है कि बजट की तकनीकी स्वीकृति, निविदा प्रक्रिया और वास्तविक कार्य का कार्यान्वयन पुरातत्व विभाग के नियमों और मानदंडों के अनुसार हो, यह स्पष्ट है कि संबंधित अधिकारियों द्वारा उचित निगरानी नहीं की गई। कोल्हापुर के जिलाधिकारी पश्चिम महाराष्ट्र देवस्थान प्रबंधन समिति के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं। यह सवाल उठता है कि क्या उनके द्वारा इस काम की प्रगति और खामियों के संबंध में विधि एवं न्याय विभाग को समय-समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी? इसके अलावा, यह स्पष्ट होना आवश्यक है कि क्या विधि एवं न्याय विभाग की जिम्मेदारी केवल बजट को मंजूरी देने तक ही सीमित है, या काम शुरू होने के बाद की प्रक्रिया और धन के उपयोग से भी उनका संबंध है।
हिंदू विधिज्ञ परिषद की प्रमुख मांगें
चल रहे काम में उत्पन्न प्रश्नों को ध्यान में रखते हुए, विधि एवं न्याय विभाग को इस पूरे मामले की जांच के लिए तुरंत एक स्वतंत्र जांच समिति नियुक्त करनी चाहिए। खंभे बदलने की प्रक्रिया और अन्य नियोजन में हुए अतिरिक्त खर्च की आर्थिक जवाबदेही संबंधित व्यक्तियों पर तय की जानी चाहिए और उनसे इसकी वसूली की जानी चाहिए। चूंकि राज्य पुरातत्व विभाग सांस्कृतिक कार्य विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए विधि एवं न्याय विभाग और सांस्कृतिक कार्य विभाग दोनों को संयुक्त रूप से इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए। इसके अलावा, पत्र में इस मामले से संबंधित सभी दस्तावेजों की तत्काल जांच करने, आवश्यकता पड़ने पर उन्हें जब्त करने, प्रत्यक्ष स्थल निरीक्षण करने और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों व ठेकेदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की पुरजोर मांग की गई है।
देवस्थान को मिलने वाली निधि भक्तों की असीम श्रद्धा से आती है। सरकारी अधिकारियों या संबंधित एजेंसियों को इन निधियों का मनमाने ढंग से उपयोग नहीं करना चाहिए। हिंदू विधिज्ञ परिषद ने प्रशासन से अपील की है कि वे इस प्रक्रिया में पारदर्शिता लाएं और अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करें।








