Menu Close

प्रार्थना सभा के माध्यम से अंधविश्वास फैलानेवाले पॉल दिनाकरन को गिरफ्तार करने की हिन्दुत्वनिष्ठों की मांग

कवलापुर (जिला सांगली) की प्रार्थना सभा का सकल हिंदू समाज द्वारा विरोध

सांगली – कवलापुर स्थित प्रस्तावित हवाई अड्डे की भूमि पर 13 से 15 मार्च 2026 के दौरान आयोजित ईसाई धर्मगुरु पॉल दिनाकरन के ‘महाराष्ट्र प्रेयर फेस्टिवल’ का सकल हिंदू समाज ने विरोध किया है। उनका आरोप है कि इस प्रार्थना सभा के माध्यम से अंधविश्वास को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसलिए पॉल दिनाकरन और कार्यक्रम के आयोजकों के विरुद्ध मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए, ऐसी मांग सकल हिंदू समाज की ओर से की गई है।

इस संबंध में सकल हिंदू समाज की ओर से जिला पुलिस अधीक्षक प्रमोद घुगे और जिलाधिकारी अशोक काकड़े को ज्ञापन सौंपा गया।

जिला पुलिस अधीक्षक प्रमोद घुगे को ज्ञापन सौंपते हुए हिंदुत्वनिष्ठ कार्यकर्ता

निवेदन में कहा गया है कि, पॉल दिनाकरन के पूर्व कार्यक्रमों के वीडियो देखने पर यह दिखाई देता है कि प्रार्थना के माध्यम से बीमार लोगों को ठीक करना, चलने में असमर्थ लोगों को प्रार्थना से चलने योग्य बनाना, शरीर की गांठ प्रार्थना से ठीक होने का दावा करना तथा लंबे समय से बिस्तर पर पड़े व्यक्ति के प्रार्थना से चलने लगने जैसे दावे किए जाते हैं, जो अंधविश्वास को बढ़ावा देते हैं।

कवलापुर में होने वाले इस कार्यक्रम का एक वीडियो भी वर्तमान में सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है। इस वीडियो में एक लडकी यह कहते हुए दिखाई दे रही है कि “मेरे कान के पीछे की गांठ प्रार्थना से ठीक हो गई।” इसलिए ऐसे कार्यक्रमों को सरकार से अनुमति नहीं दी जानी चाहिए, क्योंकि इससे अंधविश्वास को बढ़ावा मिलता है, जो समाज के लिए हानिकारक है। यह भी कहा गया कि, ऐसे वीडियो के माध्यम से कई स्थानों पर हिंदू समाज का धर्मांतरण होने की घटनाएं सामने आई हैं।

निवेदन में पॉल दिनाकरन के स्वयं के ‘Jesus Calls’ यूट्यूब चैनल के कुछ वीडियो लिंक भी दिए गए हैं, जिनमें उन्होंने प्रार्थना से बीमारी ठीक होने का दावा किया है।

ज्ञापन देते समय उपस्थित हिंदुत्वनिष्ठ

ज्ञापन देते समय हिंदू एकता आंदोलन के सांगली शहराध्यक्ष श्री संजय जाधव, मिरज शहराध्यक्ष श्री सोमनाथ गोटखिंडे, श्री गजानन माने, श्री शिवप्रतिष्ठान हिंदुस्थान के श्री राहुल बोळाज, श्री उदय मुले, धर्मजागरण समन्वय के श्री सुजित सालुंखे, बजरंग दल के जिला संयोजक श्री आकाश जाधव, हिंदू जनजागृति समिति के श्री संतोष देसाई, मातंग चेतना परिषद के प्रांत संयोजक श्री अभिमन्यू भोसले, श्री अमोल सदामते, शिव मल्हार संगठन के श्री राहुल पुजारी, श्री शिवप्रतिष्ठान युवा हिंदुस्थान के श्री लक्ष्मण सरगर तथा शिवसेना के श्री श्रेयस गाडगीळ उपस्थित थे।

पहले भी एक पादरी पर हुई है कार्रवाई

निवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि, इसी प्रकार चमत्कार का दावा करने वाले आटपाडी के पादरी संजय गेळे को सांगली के जिलाधिकारी द्वारा एक वर्ष के लिए जिले से निष्कासित किया गया था।

साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि पिछले वर्ष उच्चशिक्षित और विवाहित महिला ऋतुजा राजगे ने कथित धर्मांतरण के दबाव के कारण 7 महीने की गर्भावस्था में आत्महत्या कर ली थी।

Latest News