Menu Close

पवित्र होली की गलत छवि बना रहीं नाइट क्लबों की ‘होली पार्टियां’ तुरंत रोकने की हिन्दू जनजागृति समिति की मांग

हिंदू जनजागृति समिति की गोवा के अतिरिक्त जिलाधिकारी से मांग

बाएं से — उत्तर गोवा के अतिरिक्त जिलाधिकारी प्रशांत परब को ज्ञापन सौंपते हुए सौ. शुभा सावंत, सौ. हेमश्री गडेकर, सौ. राजश्री गडेकर, श्री. दिलीप शेट्ये एवं श्री. सत्यविजय नाईक।

पणजी – गोवा के अनेक नाइट क्लबों और ‘रिवर क्रूज़’ आदि स्थानों पर होली के अवसर पर तथाकथित ‘होली पार्टियों’ का आयोजन किया जा रहा है। इनमें ‘रेन डांस’, ‘पूल पार्टी मैडनेस’, ‘बॉलीवुड डीजे’, ‘इंडियन ढोल डांस’ आदि कार्यक्रम रखे गए हैं। ‘हयात सेंट्रिक होली बैश’ नामक पार्टी में असीमित बीयर तथा अन्य मद्यपान की व्यवस्था की गई है और 8 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को भी प्रवेश दिया जा रहा है। इससे हिंदुओं के पवित्र होली पर्व की गलत छवि निर्माण हो रही है। इन पार्टियों को तत्काल बंद करने की मांग हिंदू जनजागृति समिति ने उत्तर गोवा के अतिरिक्त जिलाधिकारी प्रशांत परब से भेंट कर निवेदन के माध्यम से की।

इस अवसर पर समिति के प्रतिनिधिमंडल में गोवा राज्य संयोजक श्री सत्यविजय नाईक, ‘रणरागिणी’ की सौ. राजश्री गडेकर, सौ. शुभा सावंत, सौ. हेमश्री गडेकर तथा श्री दिलीप शेट्ये उपस्थित थे।

समिति ने कहा कि, होली दुष्प्रवृत्तियों और अमंगल विचारों का नाश कर सद्प्रवृत्तियों का संदेश देने वाला पवित्र उत्सव है; किंतु गोवा के कुछ नाइट क्लब इस पर्व का विकृतिकरण कर रहे हैं। धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा से जुड़े त्योहार का व्यावसायीकरण अनुचित है और इससे युवा पीढ़ी के सामने होली की गलत छवि बन रही है। हडफडे स्थित नाइट क्लब में हुई आग दुर्घटना की पृष्ठभूमि में ऐसे आयोजनों के लिए आवश्यक सुरक्षा अनुमति और लाइसेंस की भी जांच की जाए, ऐसी मांग निवेदन में की गई है।

अल्पवयस्कों को प्रवेश देने वालों पर कार्रवाई की मांग

‘हयात सेंट्रिक होली बैश’ में असीमित बीयर उपलब्ध कराने तथा अल्पवयस्कों को प्रवेश देने के विषय में आयोजकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए हिंदू जनजागृति समिति ने उत्तर गोवा के पुलिस अधीक्षक हरीश मडकईकर को शिकायत दी है। इसकी प्रति महिला एवं बाल कल्याण संचालिका सौ. ज्योति देसाई को भी भेजी गई है।

Latest News