
छत्रपती संभाजीनगर – युवक-युवतियों के लिए आयोजित ‘शिवकालीन स्वसंरक्षण प्रशिक्षण शिविर’ 4 से 11 जनवरी 2026 के दौरान धर्मवीर संभाजी महाराज विद्यालय मैदान, सिडको में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर के समापन अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए विविध स्वसंरक्षण प्रात्यक्षिकों का प्रभावी प्रदर्शन किया।

यह शिविर हिंदू जनजागृति समिति, राष्ट्र धर्म साधना प्रशिक्षण गुरुकुल तथा धर्मयोद्धा संघ के संयुक्त तत्वावधान में वीरमाता जिजामाता एवं स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था। इस अवसर पर ‘राष्ट्र धर्म साधना प्रशिक्षण गुरुकुल’ के तथा शिविर के प्रमुख प्रशिक्षक श्री शरद पाटील का विशेष सम्मान भी किया गया।

समापन कार्यक्रम में उपस्थित ‘भारतीय महिला टूल उत्पादक संगठन’ की अध्यक्ष सौ. मोहिनी केळकर तथा ‘डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर विश्वविद्यालय’ के पूर्व सीनेट सदस्य डॉ. सर्जेराव ठोंबरे ने कहा कि, आज के समय में युवक-युवतियों का शारीरिक, मानसिक तथा आत्मरक्षा की दृष्टि से सक्षम होना अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर हिंदू जनजागृति समिति की मराठवाड़ा संगठक कु. प्रियांका लोणे ने कहा कि, युवक-युवतियों को अनुशासन, संस्कार, साहस और राष्ट्रनिष्ठा अपनानी चाहिए, साथ ही स्वसंरक्षण को केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रखते हुए नियमित अभ्यास के माध्यम से जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए।
कुल 8 दिनों के इस शिविर में 160 से अधिक युवक-युवतियों ने सहभाग लिया। कड़ाके की ठंड में भी सुबह-शाम नियमित उपस्थिति दर्ज कर सभी 12 कक्षाएं पूर्ण करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को समापन अवसर पर प्रमाणपत्र वितरित किए गए। आयोजकों ने बताया कि इस उपक्रम से युवक-युवतियों में आत्मविश्वास, अनुशासन तथा समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना बढ़ी है। भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण उपक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया गया।
‘हर हर महादेव’ के जयघोष के साथ शिविर का उत्साहपूर्ण समापन हुआ।








