Menu Close

पुलिस की वर्दी का अपमान करने वाला भ्रामक विज्ञापन हटाया गया; लेकिन दोषियों पर कार्रवाई कब? – सुराज्य अभियान

Update

गृहराज्यमंत्री के आदेश – नवाजुद्दीन सिद्दीकी और ‘बिग कैश’ पर होगी कार्रवाई!

हिंदू जनजागृति समिति के सुराज्य अभियान के लगातार प्रयास के बाद पुलिस की वर्दी में अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी को दिखाने वाला और जनता को जुआ खेलने के लिए प्रेरित करने वाला विवादित ‘बिग कैश पोकर’ विज्ञापन आखिरकार सोशल मीडिया से हटा दिया गया है; लेकिन दोषियों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसी संबंध में सुराज्य अभियान की ओर से श्री सतीश सोनार और श्री रवी नलावडे ने महाराष्ट्र राज्य के गृह राज्य मंत्री श्री योगेश कदम से मुलाकात की और यह विज्ञापन पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने वाला गंभीर मामला है, यह ध्यान में लाया। बैठक में मामले की गंभीरता को समझते हुए गृह राज्यमंत्री श्री योगेश कदम ने मुंबई पुलिस आयुक्त को जाँच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

हालांकि यह विज्ञापन हटा दिया गया है, लेकिन अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी और ‘बिग कैश’ के मालिक अंकुर सिंह पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सुराज्य अभियान ने इस मामले में कई बार फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर (X) के शिकायत निवारण अधिकारियों को शिकायतें कीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अंत में शिकायत अपील समिति (GAC) में शिकायत दर्ज करने के बाद ही यह विज्ञापन हटाया गया। सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता अमिता सचदेवा के कानूनी हस्तक्षेप से यह सफलता मिली।

जो पुलिस विभाग जुआ खेलने वालों पर मामले दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करता है, उसी पुलिस की वर्दी में इस तरह का विज्ञापन बनाना पुलिस की छवि को धूमिल करने वाला और व्यावसायिक लाभ के लिए समाज को भ्रमित करने वाला है। इस विज्ञापन में ‘बड़े काम का खेल’ कहकर यह प्रचारित किया गया कि जुआ खेलना यह अपराध सुलझाने के लिए आवश्यक कौशल है, जो कि नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने पुलिस की वर्दी में किया था। साथ ही इसमें भगवद्गीता का भी अपमान किया गया था। इसलिए सुराज्य अभियान ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी और ‘बिग कैश पोकर’ कंपनी पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और भविष्य में पुलिस विभाग की छवि के दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्त नीति अपनाने की माँग सरकार से की है।


22 अक्टूबर

पुलिस की वर्दी पहनकर ‘बिग कैश पोकर’ के माध्यम से जुआ खेलने का प्रचार

पुलिस की छवि धूमिल करने पर अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के विरुद्ध मामला दर्ज करें ! – सुराज्य अभियान की मांग

महाराष्ट्र पुलिस की वर्दी पहने हुए अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी द्वारा जुआ खेलने का प्रचार किए जाने की चौंकाने वाली विज्ञापन ‘बिग कैश पोकर’ (Big Cash Poker) नामक ऑनलाइन ऐप द्वारा किया गया है। जिस पुलिस विभाग का काम जुआ खेलने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करना और उन्हें गिरफ्तार करना है, उसी पुलिस की वर्दी पहनकर इस तरह का विज्ञापन करना महाराष्ट्र पुलिस की छवि को धूमिल करने वाला और चौंकाने वाला है। हिंदू जनजागृति समिति के सुराज्य अभियान ने इस विज्ञापन की कड़ी निंदा की है। अगर इस तरह की घटनाओं पर ध्यान नहीं दिया गया, तो भविष्य में अन्य अवैध और अनैतिक गतिविधियों के विज्ञापनों में भी महाराष्ट्र पुलिस की वर्दी का दुरुपयोग हो सकता है। ‘‘ऑन ड्यूटी’’ और वर्दी में रहते हुए पुलिसकर्मियों को जुआ खेलने के लिए प्रेरित करना न केवल महाराष्ट्र पुलिस के लिए बल्कि पूरे राज्य के लिए शर्मनाक है। सुराज्य अभियान ने महाराष्ट्र पुलिस से ‘बिग कैश पोकर’ ऐप पर तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले में, हिंदू जनजागृति समिति के सुराज्य अभियान के महाराष्ट्र राज्य समन्वयक श्री. अभिषेक मुरुकटे ने 14 अक्टूबर 2024 को महाराष्ट्र पुलिस महानिदेशक और मुंबई पुलिस आयुक्त के पास शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बिग कैश पोकर के मालिक अंकुर सिंघ, मैनेजर और विज्ञापन में काम करने वाले अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के विरुद्ध मामला दर्ज करने की मांग की गई है। इसके साथ ही, महाराष्ट्र नागरी सेवा (शिस्त आणि अपील) नियम, 1979 और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम, 1951 के तहत भी कड़ी कार्रवाई की जाए, ऐसा अनुरोध श्री. अभिषेक मुरुकटे ने किया है।

महाराष्ट्र पुलिस अपने कठोर परिश्रम और प्रशिक्षण के कारण एक मजबूत बल है; लेकिन इस विज्ञापन में यह दिखाने की कोशिश की गई है कि ‘ऑनलाइन जुए’ के कारण उनमें ‘कौशल’ आता है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस ऐप पर पुलिस विभाग की तरफ से अब तक कोई स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई नहीं की गई। इस मामले में गृह मंत्री को भी एक जिम्मेदार प्रमुख के रूप में हस्तक्षेप करना चाहिए, ऐसी मांग भी सुराज्य अभियान ने की है।

 

 

Latest News