Menu Close

उत्तरप्रदेश : पूजा करने मंदिर पहुंची युवती से धर्मांध युवकद्वारा छेड़छाड, पथराव और बवाल !

पौष शुक्ल पक्ष पंचमी , कलियुग वर्ष ५११६


मुरादाबाद ( उत्तरप्रदेश) – यहां के अगवानपुर में युवती से छेड़छाड़ के बाद बुधवार को माहौल गरमा गया। एक वर्ग के युवकों ने पूजा के लिए मंदिर पहुंची युवती से छेड़छाड़ की और विरोध करने पर मंदिर पर पथराव कर दिया और तोड़फोड़ भी की। आरोप है कि युवती का घर तक पीछा किया और उसे घर से खींचने का प्रयास भी किया।

मामले की सूचना मिलते ही हिंदू संगठन हरकत में आ गए और जमकर हंगामा काटा। माहौल बिगड़ता देख पुलिस प्रशासन के होश उड़ गए। आनन फानन अफसर मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया। पुलिस ने छेड़छाड़ और पथराव के आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है।

पथराव में घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरे वर्ग ने भी तहरीर देकर आरोप लगाया है कि मामला छेड़छाड़ का नहीं बल्कि क्रिकेट में युवकों के बीच हुए झगड़े का है।

घटना अगवानपुर के मोहल्ला ढाप में स्थित शिव शक्ति मंदिर की है। मोहल्ले की एक युवती मंदिर में पूजा करने गई थी। आरोप है कि मंदिर गेट पर खड़े दूसरे वर्ग के कुछ युवकों ने युवती से छेड़छाड़ कर दी। युवती ने शोर मचाया तो आसपास के कुछ लोगों ने एतराज किया। आरोप है कि दोनों वर्गों में कहासुनी के बाद युवकों ने मंदिर पर पथराव कर दिया। मंदिर और मंदिर परिसर में बने बजरंग दल के दफ्तर में तोड़फोड़ भी की। खबर पूरे कस्बे में फैल चुकी थी।

भनक लगते ही बजरंग दल कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। बवाल बढ़ने पर आरोपी भाग निकले। इसके बाद हिंदू संगठनों ने यहां बवाल शुरू कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले।

एसपी सिटी प्रदीप गुप्ता, सीओ महेश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। युवती की तहरीर पर शाकिर, मोहसिन, नदीम, मतदूम, फैजान, जावेद, गुड्डू अली, सिकंदर, बाबू समेत बीस लोगों के खिलाफ पुलिस ने छेड़छाड़ और धर्मस्थल पर पथराव की एफआईआर दर्ज कर ली है। मौके पर फोर्स तैनात किया गया है।

सिटी एसपी प्रदीप गुप्ता का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह पता चला है कि एक लड़की अपने चचेरे भाई के साथ दोपहर में मंदिर गई थी। मंदिर के गेट पर दूसरे वर्ग के तीन युवक सिगरेट पी रहे थे। लड़की से मंदिर के दरवाजे पर सिगरेट पीने से मना किया तो लड़कों ने उसके साथ मारपीट कर दी। मंदिर पर पथराव की बात भी बताई गई है।

एसपी ने कहा कि मौके पर मंदिर गेट का एक पल्ला भी टूटा हुआ मिला। जिसे लगवा दिया गया है। नौ लोगों को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मौके पर फोर्स तैनात किया गया है। आगे की कार्रवाई से पहले पूरी सत्यता का पता लगाया जाएगा।

स्त्रोत : अमर उजाला

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *