Menu Close

व्हिडीआे – बोको हरम ने स्कूल में बंद करके दर्जनों लोगों को मारी गोली, दो के हाथ भी काटे

मैदुगिरी : नाइजीरिया में सक्रिय इस्लामिक संगठन बोको हरम ने नरसंहार का वीडियो जारी किया है। वीडियो में बोको हरम आतंकियों को एक स्कूल में इकट्ठा दर्जनों लोगों की नृशंस हत्या करते हुए दिखाया गया है। संगठन के एक लीडर के अनुसार, इन्हें इसलिए मारा गया क्योंकि वे काफिर थे। इनकी हत्या इस साल नवंबर में बोर्नो राज्य के बामा में की गई।

वीडियो में दिखाया गया है कि आतंकियों ने करीब 30-40 लोगों को एक कमरे में बंद कर रखा है और उन पर गोलियां चला रहे हैं। बाद में आतंकी कमरे के अंदर जाते हैं और चुन-चुनकर गोलियां मारते हैं।

वीडियो के आखिर में बोको हरम लीडर ने संदेश में कहा, “हम चाहते थे कि उस हॉल के फर्श का रंग खून से लाल हो जाए। भविष्य में भी काफिरों पर ऐसे हमले जारी रहेंगे। अब से हत्या, मारकाट, विध्वंस और बम धमाके करना हमारा धार्मिक दायित्व होगा।”

यह वीडियो एक पत्रकार द्वारा शनिवार को जारी किया गया। इससे पहले खबर आई थी कि उत्तरी-पूर्वी नाइजीरिया के वोजा में दो स्कूलों में आतंकियों ने दर्जनों लोगों की हत्या कर दी।

गौरतलब है कि बोको हरम नाइजीरिया के लोगों से कह चुका है कि वे सिर्फ काफिरों को मारेंगे और निर्दोषों को डरने की जरूरत नहीं है। वीडियो में बोको हरम लीडर ने कहा कि पैगंबर मोहम्मद के मुताबिक, कैदियों को बंधक बनाकर रखना चाहिए, न कि उन्हें मारना चाहिए। लीडर ने कहा, “हम महसूस करते हैं कि यह कैदियों और काफिरों को बंधक बनाकर रखने का समय नहीं है। हम ऐसे ही उन्हें मारते रहेंगे।”

लीडर ने यह भी कहा कि मरने वालों में कुछ लोग मुस्लिम भी हैं, लेकिन हमारे हिसाब से वो सिर्फ काफिर हैं। सच्चा मुसलमान होने के लिए शरिया कानून को मानना जरूरी है।

गौरतलब है कि नाइजीरिया और कैमरून की सीमा से लगते क्षेत्र में पिछले पांच सालों में हजारों लोग मारे जा चुके हैं और करीब 16 लाख लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है।

दर्जनों युवकों को मारा और दो युवकों के हाथ काट डाले

एक अन्य वीडियो में बोको हरम आतंकी दो युवकों के हाथ काटते दिख रहे हैं। स्थानीय मीडिया की खबरों के अनुसार, इन दोनों पर चोरी का आरोप था। एक वीडियो में बोको हरम आतंकी कई युवकों की हत्या करते दिख रहे हैं। यह वीडियो भी नवंबर 2014 का है। सभी युवकों को पुल से उलटा लटकाकर इनके सिर में गोली मार दी गई और फिर नीचे फेंक दिया गया। बोको हरम संगठन ज्वाइन करने से इनकार करने पर इनकी हत्या की गई।

स्त्रोत : भास्कर

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *