Menu Close

आतंकियों की शरीफ के बच्चों को मारने की धमकी, तालिबान चीफ के मारे जाने की खबर

फाइल फोटो: मुल्लाह फजलुल्लाह

इस्लामाबाद: पाकिस्तानी मीडिया ने अपुष्ट रिपोर्ट्स के हवाले से कहा है कि पेशावर के स्कूल पर हुए हमले का साजिशकर्ता तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान का प्रमुख मौलाना फजलुल्लाह अफगानिस्तान में हवाई हमले में मारा गया है। ‘द नेशन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, फजलुल्लाह की मौत की पहली खबर पाकिस्तानी रक्षा मंत्रालय के आधिकारिक फेसबुक पेज के जरिए सामने आई। हालांकि, पाकिस्तानी सेना ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। उधर, तहरीक ए तालिबान ने शुक्रवार को पाकिस्तान सरकार को धमकी दी कि अगर उनके खिलाफ मिलिट्री ऑपरेशन यूं ही जारी रहे तो वे पीएम नवाज शरीफ समेत सभी नेताओं के अलावा आर्मी अधिकारियों के बच्चों को मारना शुरू कर देंगे ।

‘द नेशन’ की खबर के मुताबिक, पाकिस्तानी रक्षा मंत्रालय ने अपने फेसबुक पेज पर कहा कि तालिबान कमांडर फजलुल्लाह का अफगानिस्तान में पाकिस्तानी एयरफोर्स के फाइटर जेट्स ने खात्मा कर दिया। कुछ निजी चैनलों ने भी सूत्रों के हवाले से कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सेना ने तालिबान के खिलाफ मिलकर यह अभियान चलाया। सूत्रों के मुताबिक, दोनों देशों की इंटेलिजेंस से मिली जानकारी के बाद उस शख्स को निशाना बनाया गया, जिसने पेशावर के स्कूल में 132 बच्चों समेत 145 लोगों की हत्या की साजिश रची। बता दें कि पेशावर में आर्मी स्कूल पर हमले के बाद सेना ने आतंकियों के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। शुक्रवार को भी पाकिस्तान और अफगानिस्तान के विभिन्न इलाकों में ऑपरेशंस चलाए गए, जिसमें सैकड़ों आतंकवादी मारे गए।


यह भी पढें :

पेशावर हमले से जुड़े खुलासे


 

स्रोत : दैनिक भास्कर

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *