Menu Close

ईशनिंदा में ‘इस्लामिक स्टेट’ ने चार लोगों का सिर कलम किया

बेरुत : सीरिया में इस्लामिक स्टेट (आइएस) के आतंकियों ने चार लोगों का सिर कलम कर दिया। ब्रिटेन के मानवाधिकार संगठन सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने शनिवार को बताया कि आइएस की इस्लामिक पुलिस ने होम्स शहर में ईशनिंदा के आरोप में इन चारों की हत्या की।

मानवाधिकार संगठन के अनुसार, मंगलवार को भी आइएस ने एक व्यक्ति का सिर काटकर उसकी हत्या कर दी थी। स्थानीय निवासियों व मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के मुताबिक, देश के जिन हिस्सों पर आइएस का कब्जा है वहां पर ईशनिंदा, चोरी, व्यभिचार व समलैंगिकता को शरिया कानून का उल्लंघन बताते हुए कई लोगों का सिर कलम किया जा चुका है या पत्थर मारकर उनकी हत्या की गई है।

आतंकी विरोधी लड़ाकों को भी युद्धक्षेत्र से बाहर इसी तरह से मौत के घाट उतारते हैं। ऑब्जर्वेटरी ने यह भी बताया कि आइएस ने उत्तरी शहर मनबिज में शुक्रवार की नमाज के बाद महिला व पुरुष की व्यभिचार के आरोप में पत्थर मार-मारकर हत्या कर दी।

इराक में हेलीकाप्टर मार गिराया

आइएस आतंकियों ने इराक के सलाहुदीन प्रांत में सेना के हेलीकॉप्टर को मार गिराया। घटना में हेलीकॉप्टर सवार दो पायलट मारे गए। यह घटना शुक्रवार को आतंकियों व सेना की लड़ाई के दौरान राजधानी बगदाद से १२० किलोमीटर उत्तर स्थित अल मुतासिम कस्बे के निकट हुई। सलाहुदीन प्रांत का बड़ा हिस्सा आइएस के कब्जे में है।

स्रोत : जागरण

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *