बिहार के भागलपुर जिले की एक महिला को तलाक नहीं देने पर उसके पति ने जिंदा जला दिया। महिला लगभग ८० प्रतिशत जल चुकी है, उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। बताया जा रहा है कि उसकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है। फिलहाल पीडिता के पिता के बयान पर उसके पति, जेठ, सास और ननद पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि बाकी आरोपितों की तलाश जारी है।
मामला नवगछिया के खरीक थाना क्षेत्र के पूर्वी घरारी गांव का बताया जा रहा है। जहां मोहम्मद सनोवर पर आरोप है कि उसने अपनी बीवी बेगम खातून (बेबी) से तलाक की मांग की थी। परंतु उसकी बीवी ने उसे तलाक देने से मना कर दिया। जिसके बाद सनोवर ने उसे मारने की नीयत से जिंदा जला दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जबतक सनोवर के परिवार वाले उसे ठिकाने लगाते बेबी के परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। यह देख पीडिता का पति और उसके परिवार वाले मौके से भाग खडे हुए।
मौके पर पहुंचे बेबी के पिता शेख फारूक और परिजन उसे पीएचसी लेकर पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देख भागलपुर के मायागंज अस्पताल रिफर कर दिया।
पीडिता के पिता के बयान पर उसके पति, जेठ, जेठ की पत्नी, सास और ननद पर एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि १३ साल पहले बेबी और सनोवर का निकाह हुआ था। उनके दो बच्चे भी हैं।
स्त्रोत : जनसत्ता








