हैदराबाद : मोदी सरकार के द्वारा अध्यादेश लाए जाने के बावजूद ट्रिपल तलाक का एक और मामला सामने आया है ! रिपोर्ट्स के अनुसार, हैदराबाद में एक महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उसके पति ने फोन पर तीन बार तलाक बोल कर उसे तलाक दे दिया। सेन्ट्रल क्राइम स्टेशन में महिला पुलिस थाने की पुलिस निरीक्षक जे मंजुला ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच चल रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, महिला का पति निकाह के कुछ दिन बाद से ही उसे परेशान करने लगा था।
मंजुला ने बताया कि वे अपने कानूनी विशेषज्ञों से इस बात की सलाह ले रहे हैं कि क्या तीन तलाक पर हालिया अध्यादेश के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है ! पीडिता ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसका निकाह जनवरी २०१७ में हुआ था और निकाह के केवल एक महीने बाद ही उसके पति मोहम्मद मुजम्मिल ने उसका उत्पीडन शुरू कर दिया था। पीडिता ने कहा कि फरवरी में बच्ची को जन्म देने के बाद उसके ऊपर अत्याचार बढ गए थे। ध्यान देनेवाली बात यह है कि पीडिता का पति एक हाई स्कूल में प्रिंसिपल है !
पीडिता ने कहा, ‘२८ नवंबर को उसने (पति ने) मुझे व्हाट्सऐप पर कॉल किया और मुझे अपशब्द बोले। उसने तीन बार तलाक बोला और फोन काट दिया। मुझे न्याय चाहिए। मुझे पता चला है कि वह किसी अन्य महिला से निकाह करना चाहता है !’ पुलिस अधिकारी ने बताया कि वे व्हाट्सएप कॉल का डाटा पाने के लिए साइबर विशेषज्ञों से सलाह ले रहे हैं।
स्त्रोत : इंडिया टीवी








