Menu Close

ISIS से जुड़ा पाकिस्तानी तालिबान, ऑडियो टेप में बताया बगदादी को लीडर

कार्तिक कृष्ण पक्ष नवमी, कलियुग वर्ष ५११६

पाकिस्तानी तालिबान का प्रवक्ता शहीदुल्लाह        शाहिद (छायाचित्रमें दाएं)

लाहौर/बगदाद – इराक व सीरिया के बाद इस्लामिक स्टेट का प्रभाव अब पाकिस्तान तक पहुंच चुका है। पाकिस्तानी तालिबान के छह मुख्य आतंकियों ने इस्लामिक स्टेट के समर्थन व अबु बकर अल-बगदादी के आदेशों के पालन का आदेश दिया है।

संगठन के प्रवक्ता शहीदुल्लाह शाहिद और पांच अन्य रीजनल कंमांडर्स ने कहा कि वे पाकिस्तानी तालिबान के सदस्य बने रहेंगे, लेकिन अब वे खुद को आईएसआईएस का हिस्सा मानते हैं।

पिछले कई दशकों से आतंकवाद से पीड़ित पाकिस्तान के लिए यह चिंता का विषय है कि अब वहां तालिबान के अलावा एक अन्य आतंकी संगठन अपनी जड़ें जमाना शुरू कर चुका है। इन छह आतंकियों के आईएसआईएस को समर्थन देने की घोषणा कल सामने आई एक ऑडियो रिकॉर्डिंग के जरिए हुई। हालांकि, पिछले कई हफ्तों से यह अफवाह थी कि पाकिस्तान तालिबान इस्लामिक स्टेट के प्रति अपनी वफादारी जाहिर कर सकता है।

पाकिस्तान तालिबान के प्रवक्ता शाहिद ने कहा, “मैं इस्लामिक स्टेट के खलीफा अबु बकर अल-बगदादी कुरैशी अल हुसैनी के प्रति पूरी वफादारी जाहिर करता हूं और उनके सभी आदेशों को मानने के लिए तैयार हूं।”

रिकॉर्डिंग के संबंध में पाकिस्तानी तालिबान के प्रवक्ता शाहिद का कोई बयान नहीं आया है, लेकिन वाशिंगटन पोस्ट ने उसके एक नजदीकी से इस बारे में बात की। उसके नजदीकी ने बताया, “ये कंमांडर्स तालिबान से जुड़े रहेंगे, लेकिन अब ये पाकिस्तान में आईएसआईएस का प्रचार भी करेंगे। यह फैसला अफगान तालिबान से अलग होने के बाद आया है। अभी यह नहीं बता सकता कि दोनों संगंठनों के अलग होने के पीछे क्या कारण हैं, लेकिन अब ये सभी मुल्ला उमर के बजाय बगदादी को अपना लीडर मान रहे हैं।”

मलेशिया में इस्लामिक स्टेट के १३ संदिग्ध गिरफ्तार

मलेशिया पुलिस ने इस्लामिक स्टेट से संबंधित १३ संदिग्ध मुस्लिम युवकों को गिरफ्तार किया है। मलेशिया के नेशनल पुलिस काउंटर टेरेरिज्म यूनिट के प्रमुख अयूब खान मेदिन पिचे ने बताया कि इन सभी को कल सेलंगर राज्य से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस बारे में ज्यादा जानकारी बाद में दी जाएगी।

गौरतलब है कि स्थानीय पुलिस ने पिछले महीने भी इस्लामिक स्टेट के जिहाद में शामिल होने सीरिया जा रहे एक मुस्लिम युवक को एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था।

स्त्रोत : दैनिक भास्कर

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *