Menu Close

लौट सकते हैं आईएसआईएस में भर्ती हुए कल्‍याण के तीन युवक

आश्विन कृष्ण पक्ष अष्टमी, कलियुग वर्ष ५११६

मुंबई – कल्‍याण के तीन युवा सीरिया से वापस लौट सकते हैं। संदेह है कि वे आतंकी संगठन आईएसआईएस में शामिल हो गए थे। शाहीन टंकी ने छह सितंबर को अपने परिवार को फोन कर बताया कि वह अपने दो दोस्‍तों के साथ वापस लौट सकता है। यह जानकारी उसके एक रिश्‍तेदार ने नाम का खुलासा नहीं करने का आग्रह करते हुए दी।

लापता होने के बाद से पहली बार टंकी ने अपनी मां और भाई से फोन पर बात की। उसने कहा कि वह बिल्‍कुल ठीक है और उन्‍हें (परिजनों को) उसके लिए परेशान नहीं होना चाहिए। गौरतलब है कि करीब २० वर्ष आयु के चार युवक मई में धर्म यात्रियों के साथ इराक गए थे, लेकिन वे वहां से रहस्‍यमयी रूप से गायब हो गए। इसके बाद उन्‍होंने अपने परिजनों को फोन पर बताया कि वे आईएसआईएस में शामिल हो गए हैं।

आतंकवाद विरोधी दस्‍ते के एक वरिष्‍ठ अधिकारी ने बताया कि टंकी अपनी वापसी को लेकर आश्‍वस्‍त था। उसने कहा कि वह अपने दो दोस्‍तों फहाद शेख और अमन तंडे के साथ भारत वापस लौटेगा। हालांकि, उसने वापसी की कोई समय सीमा नहीं बताई। इस दौरान सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इन लड़कों ने देश में कोई अपराध नहीं किया है, ऐसे में उन पर मुकदमा चलाना मुश्‍िकल होगा।

स्त्रोत : नई दुनिया

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *