Menu Close

ईश्वरीय कण में है तबाही की ताकत : स्टीफन हॉकिंस

भाद्रपद पूर्णिमा / अश्विन कृष्ण पक्ष प्रतिपदा , कलियुग वर्ष ५११६

लंदन – ब्रह्मांड में व्याप्त हर वस्तु के आकार और द्रव्यमान का कारक ईश्वरीय कण यानी हिग्स बोसोन सब कुछ तबाह भी कर सकता है। यह चेतावनी दी है प्रख्यात भौतिकविद् स्टीफन हॉकिंग ने। ७२ वर्षीय हॉकिंग का कहना है कि ब्रह्मांड को स्वरूप और आकार देने वाले इस ईश्वरीय कण के गुणधर्म बेहद चिंताजनक हैं। इसमें पूरे ब्रह्मांड को तबाह करने की ताकत है।

हॉकिंग की इस चेतावनी से विज्ञान जगत में खलबली मच गई है। हिग्स क्षेत्र के अध्ययन को लेकर वैज्ञानिक बेहद उत्साहित रहे हैं। हॉकिंग ने इससे जुड़े प्रयोगों में सावधान रहने की बात कही है। उनका कहना है कि इससे जुड़ा विनाश इतनी तेजी से होगा कि हम उसे महसूस भी नहीं कर पाएंगे। हॉकिंग ने कहा कि निकट भविष्य में ऐसा अनिष्ट होने की कोई आशंका नहीं है, लेकिन इससे बचे रहना जरूरी है।

क्या है हिग्स बोसोन

ब्रह्मांड की हर वस्तु (मनुष्य समेत अन्य जीव भी) परमाणु से बनी है। द्रव्यमान किसी वस्तु का वह भौतिक गुण है जो गुरुत्वाकर्षण की उपस्थिति में वस्तु के भार की वजह बनता है। द्रव्यमान के मूल को खोजने के लिए जब वैज्ञानिकों ने सभी ज्ञात कणों को एक व्यवस्था के तहत रखा, तब उसमें कुछ कमी रह गई। इस कमी को भरने और द्रव्यमान की वजह को बताने के लिए १९६४ में वैज्ञानिक पीटर हिग्स और अन्य ने हिग्स बोसोन या ईश्वरीय कण की परिकल्पना की थी। दशकों के प्रयोग के बाद अंततः २०१२ में जेनेवा के समीप स्थित सीईआरएन के लार्ज हाड्रोन कोलाइडर प्रयोग के जरिए इसकी खोज में सफलता मिली।

क्या है खतरा

हॉकिंग ने कहा कि हिग्स बोसोन १०० अरब गीगा इलेक्ट्रॉन वोल्ट से अधिक की ऊर्जा पर अति स्थिर हो सकता है। ऐसी स्थिति में एक विनाशकारी निर्वात (वैक्यूम) बन जाएगा। बुलबुले के रूप में बना यह निर्वात प्रकाश की गति से विस्तार लेगा और पूरे ब्रह्मांड के विनाश का कारण बन जाएगा।

स्त्रोत : पत्रिका

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *