Menu Close

उत्तरप्रदेश मे बीजेपी ने ‘लव जिहाद’ को रूकाने का बनाया अजेंडा

भाद्रपद कृष्ण पक्ष चतुर्दशी, कलियुग वर्ष ५११६

लखनऊ (उत्तरप्रदेश) – बीजेपी की उत्तर प्रदेश इकाई ने 'लव जिहाद' और धर्मांतरण को आधिकारिक तौर पर अपने अजेंडे में शामिल कर लिया है। मथुरा में शनिवार से शुरू हो रही पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की दो दिनों की बैठक में बाकी मुद्दों के साथ इन पर भी चर्चा होगी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के संगठन धर्म जागरण मंच ने 'लव जिहाद' और हिन्दू लड़कियों के कथित तौर पर धर्म परिवर्तन करके निकाह कराने के खिलाफ अभियान चला रखा है। बताया जा रहा है कि बीजेपी ने इसी के मद्देनजर दोनों मुद्दों पर चर्चा करने का फैसला किया है।

प्रदेश में २०१७ के विधानसभा चुनाव की कार्ययोजना का खाका खींचने के लिए हो रही इस बैठक का उद्घाटन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह करेंगे और इसमें प्रदेश से पार्टी के सभी राज्य स्तर और राष्ट्रीय स्तर के नेता भाग लेंगे।

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में कहा, 'प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा के दौरान लव जिहाद और हिन्दुओं के धर्मांतरण के बारे में भी बात होगी। पार्टी इन मुद्दों पर लड़ने के लिए भविष्य की कार्ययोजना का मसौदा भी तैयार करेगी।' बाजपेयी ने कहा कि हाल में सहारपुर, मुरादाबाद, मेरठ और आंबेडकर नगर में पैदा हुए सांप्रदायिक तनाव के मसले पर भी बात होगी।

बीजेपी के सीनियर नेता ने कहा, 'लव जिहाद अब तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का ही मुद्दा रहा है, लेकिन केंद्र में सत्ता में आने के बाद बीजेपी ने भी इस मुद्दे को उठाना शुरू कर दिया है।'

हाल में उत्तर प्रदेश के दौरे पर गए अमित शाह के सामने बाजपेयी ने फैजाबाद में एक हिन्दू लड़की की मुस्लिम लड़के द्वारा कथित तौर पर की गई हत्या का मसला उठाया था। बीजेपी के स्थानीय नेताओं को लगता है कि यह 'लव जिहाद' का मामला है। शाह ने आरोप लगाया था कि समाजवादी पार्टी की वोट बैंक की राजनीति और तुष्टीकरण की नीति के चलते प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार खराब हो रही है।

रक्षा बंधन के मौके पर धर्म जागरण मंच ने एक सप्ताह का अभियान चलाया था। इसमें हिन्दुओं से अपील की गई थी कि 'लव जिहाद' से निपटने में सहयोग करें। इसके अलावा हिन्दू लड़कियों से कहा गया था कि वे ऐसे युवाओं के प्रभाव में आकर अपना नुकसान न करें, जो उन्हें धर्म बदलने के लिए फुसला रहे हैं।

स्त्रोत : नवभारत टाइम्स

Latest News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *